फिल्म “अजेय – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी” ने रिलीज़ के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। फिल्म को लेकर प्रचार-प्रसार ज़ोरों पर था और IMDb पर इसे 7.8 की अच्छी शुरुआती रेटिंग भी मिली, लेकिन कमाई सिर्फ लगभग 20 लाख रुपये के आसपास रही। यह आंकड़ा फिल्म के बजट, जो करीब 15 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, की तुलना में बेहद कम माना जा रहा है।
फिल्म मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश में करीब 150 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई और कई जगहों पर दर्शकों ने थिएटर में नारे भी लगाए — “योगी-योगी” और “जय श्री राम” जैसे उद्घोष सुनाई दिए। इससे साफ है कि योगी आदित्यनाथ के समर्थकों और उनसे जुड़े क्षेत्रों में फिल्म को भावनात्मक समर्थन मिल रहा है। हालांकि शुरुआती दर्शक संख्या और कलेक्शन दोनों ही कमजोर रहे।
निर्देशक रविंद्र गौतम ने भरोसा जताया है कि फिल्म की कहानी और इसमें दिखाई गई घटनाएँ धीरे-धीरे दर्शकों को आकर्षित करेंगी और आने वाले दिनों में कलेक्शन में उछाल आ सकता है। लेकिन सच्चाई यही है कि पहले दिन की कमाई फिल्म के लिए चेतावनी की तरह है। यदि आने वाले दिनों में तेजी से ग्रोथ नहीं हुई तो इतनी बड़ी लागत वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मुश्किल में फँस सकती है।
