बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के चौथे चरण में जमुई जिले के आदर्श महिला थाना परिसर में रिमोट के माध्यम से 7640.52698 लाख रुपये की 58 योजनाओं का उद्घाटन और 81447.50076 लाख रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस प्रकार 89088.02776 लाख रुपये की कुल 74 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ।
मुख्यमंत्री ने जमुई जिला में भ्रमण कर विकासात्मक योजनाओं का मुआयना किया। मुआयना के दौरान उन्होंने खैरा प्रखंड के लघुआर मंदिर का हवाई सर्वेक्षण, गरही डैम में जलाशय विकास योजना के अंतर्गत केज-कल्चर का निरीक्षण, प्रस्तावित अपर किउल जलाशय योजना के विस्तारीकरण, पक्कीकरण तथा प्रस्तावित गरही लघुआर सड़क एवं पुल योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने गरही डैम के पास इको पर्यटन स्थल को विकसित करने के लिए प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे इको पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करें और इसका बेहतर ढंग से सौंदर्गीकरण करायें ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिल सके।
आदर्श महिला थाना परिसर में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना का उदघाटन, शिलापट्ट का अनावरण, जमुई के राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के शिलापट्ट का अनावरण, ग्राम शिकहरिया के मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र का उदघाटन, ग्राम सोनपै में 9.90 लाख रुपए लागत से बने खेल मैदान का उदघाट्न भी किया।
उक्त कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, सांसद अरुण कुमार भारती, विधायक श्रेयसी सिंह, विधायक दामोदर रावत सहित अन्य प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जमुई जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद एवं अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।