अमरीका के भव्य पुस्तकालय को 'पुस्तकों का गिरजाघर' कहा जाता है। यह उपमा पुस्तकालय के वास्तुशिल्प की वजह से मिली है।
बाल्टीमोर में स्थित यह 'द जॉर्ज पीबॉडी लाइब्रेरी' अपनी ऊंचाई और भव्यता से यूरोप के अन्य ऐतिहासिक पुस्तकालयों को टक्कर देती है। इसका भव्य एट्रियम है, जहां पांच मंजिलों तक फैली कास्ट-आयरन बालकनियां पुस्तकों से सजी हुई हैं। यही इसका मुख्य आकर्षण हैं।
1857 में स्थापित इस पुस्तकालय को डिजाइन एक सच्चे ज्ञान मंदिर की तरह किया गया था, जहां प्रवेश करते ही व्यक्ति श्रद्धा से भर जाता है। प्राकृतिक प्रकाश से जगमग ऊंची छत और कलात्मक बालकनियां इस स्थान को न केवल अध्ययन, बल्कि आत्मिक अनुभव का स्थल बना देती हैं।
यह पुस्तकालय न केवल दुर्लभपुस्तकों का खजाना है, बल्कि एक ऐतिहासिक धरोहर भी है, जो आज भी विद्या, संस्कृति और सौंदर्य का संगम है। यह पुस्तकालय याद दिलाता है कि ज्ञान का घर सिर्फ पुस्तकों से ही नहीं, बल्कि उस वातावरण से भी बनता है जहां मन और मस्तिष्क दोनों को उड़ान मिलती है।
----------
