दुनिया का सबसे तेज उड़ान भरकर शिकार करने में माहिर अमेरिकन पेरेग्रीन फाल्कन पक्षी सहरसा में दिखा। इसे परदेसी बाज नाम से भी जाना जाता है।
सहरसा जिला के नवहट्टा से सलखुआ तक लगभग 35 किमी की दूरी में कोसी नदी और इसके तट पर पक्षी विशेषज्ञों की टीम की ओर से सर्वेक्षण के दौरान पक्षी विशेषज्ञ को कई तरह के पक्षी दिखे, लेकिन पेरेग्रीन फाल्कन का दिखना सबसे सुखद संयोग रहा।
पेरेग्रीन फाल्कन दुनिया में इकलौता शक्तिशाली पक्षी है जिसके पास उड़ान और शिकार दोनों की अद्भुत क्षमता होता है। यह 400 किमी प्रतिघंटा की गति से पंजे से झपट्टा मारकर शिकार करने के लिए जाना जाता है। यह 13 से 23 इंच लंबा होता है और इसके पंख का स्पैन 29 से 47 इंच तक का होता है।
सहरसा जिले में नवहट्टा के पास दिखा पेरेग्रीन फाल्कन मादा था, जिसका आकार नर की तुलना में 30 फीसदी बड़ा यानि डेढ़ किलोग्राम का होता है। पक्षी विशेषज्ञ ज्ञानचंद ज्ञानी ने कहा कि इसके अलावा शीत ऋतु में झील जम जाने के बाद ठंडे देशों से आने वाले प्रवासी समुद्री पक्षी लिटिल टर्न, लिटिल स्टिन्ट आदि पक्षी भी दिखे।
सूत्रों के अनुसार, सहरसा में नवहट्टा से सलखुआ तक लगभग 35 किमी की दूरी में कोसी नदी के सर्वेक्षण में 38 प्रजाति के 2500 देसी विदेशी पक्षी दिखे। नवहट्टा से सलखुआ के पहले तक कोसी में विचरती 30 गांगेय डॉल्फिन भी सर्वे टीम को नजर आईं।
------------------