जब चमगादड़ों की बात करते हैं, तो आमतौर पर काले रंग के, डरावने जीवों की छवि मन में बनती है। लेकिन होंडुरन व्हाइट बैट (Honduran White Bat), जिसे वैज्ञानिक भाषा में Ectophylla alba कहा जाता है, इस छवि को पूरी तरह बदल देता है। यह छोटा सा जीव सफेद रुई जैसा दिखाई देता है और अपने प्यारे, कोमल स्वरूप और दिलचस्प व्यवहार के कारण जैव विविधता प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
“होंडुरन व्हाइट बैट” का शरीर आकार में केवल 3.7 से 4.7 सेंटीमीटर होता है और इसका वजन महज 5 से 6 ग्राम के बीच होता है। इसके पूरे शरीर पर बर्फ जैसी सफेद फर होती है, जो इसे अन्य सभी चमगादड़ों से अलग बनाती है। इसी विशेषता के कारण इसे कॉटन बॉल बैट यानि “रुई का गोला चमगादड़” भी कहा जाता है। इसके बड़े, पीले-नारंगी कान और नाक की पत्ती जैसी संरचना इसके चेहरे को बेहद आकर्षक बनाती है, जिससे यह किसी खिलौने जैसा लगता है।
इस चमगादड़ की सबसे अनूठी आदत है पत्तों से तंबू बनाना। यह हेलिकोनिया (Heliconia) नामक पौधे के बड़े पत्तों को सावधानीपूर्वक काटकर इस तरह मोड़ता है कि वे एक तंबू जैसी संरचना में बदल जाता है। यह तंबू न सिर्फ इसे धूप और वर्षा से बचाता है, बल्कि छिपने का अद्भुत तरीका भी है। इन तंबुओं में एक साथ 6 से 12 चमगादड़ आराम करते हैं, जो एक समुदाय की तरह लगता हैं।
“होंडुरन व्हाइट बैट” शाकाहारी और मुख्य रूप से फलाहारी होता है। इसे विशेष रूप से जंगली अंजीर खाना पसंद है। इसके खाने की यह आदत इसे पारिस्थितिकी तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाता है। यह बीजों के प्रसार में मदद करता है, जिससे नए पौधों का विकास होता है और जंगल का संतुलन बना रहता है।
यह चमगादड़ केवल मध्य अमेरिका के होंडुरास, कोस्टा रिका, निकारागुआ और पनामा के घने वर्षावनों में पाया जाता है। यह घने पत्तों वाले क्षेत्रों को पसंद करता है, जहां यह अपने तंबू बना सके और आराम कर सके।
हालांकि यह चमगादड़ अभी संकटग्रस्त की सूची में नहीं है, लेकिन वर्षावनों की कटाई और पर्यावास की हानि इसकी आबादी के लिए खतरा बन सकता है। इसे बचाने के लिए इसके प्राकृतिक घर , वर्षावनों की रक्षा करनी होगी।
“होंडुरन व्हाइट बैट” प्रकृति की एक ऐसी अद्भुत रचना है जो सिखाती है कि सुंदरता और उपयोगिता अक्सर सबसे छोटे जीवों में भी छिपी होती है। यह नन्हा चमगादड़ न सिर्फ देखने में मनमोहक है, बल्कि पारिस्थितिक संतुलन में भी एक बड़ा योगदान देता है।
