धरती का सबसे ऊँचा पेड़ - “रेडवुड”

Jitendra Kumar Sinha
0




प्रकृति ने धरती पर अनगिनत चमत्कार रचे हैं, लेकिन कुछ रचनाएँ इतनी अद्वितीय होती हैं कि वे मानव कल्पना से भी परे लगता है। अमरीका के कैलिफोर्निया में पाया जाने वाला “रेडवुड पेड़” (Coast Redwood) ऐसा ही एक प्राकृतिक अजूबा है। इसे दुनिया का सबसे ऊँचा पेड़ माना जाता है।

“रेडवुड पेड़” की औसत ऊँचाई 90 से 100 मीटर तक होती है, जबकि कुछ पेड़ 115 मीटर से भी अधिक ऊँचाई तक पहुँच जाता है। यह ऊँचाई किसी 35 मंजिला इमारत के बराबर है। जब कोई व्यक्ति इसके तने के नीचे खड़ा होता है, तो उसकी नजरें ऊपर जाकर थक जाती हैं, लेकिन पेड़ का शिखर नजर नहीं आता है। यही कारण है कि इसे "आसमान को छूने वाला पेड़" कहा जाता है।

“रेडवुड” की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आयु है। यह पेड़ साधारण नहीं है। यह 2000 साल से भी अधिक समय तक जीवित रह सकता है। यानि जब इंसान की कई पीढ़ियाँ बीत जाती हैं, तब भी “रेडवुड” गर्व से खड़ा रहता है। वैज्ञानिक मानते हैं कि इसकी जड़ें और छाल इसे बीमारियों एव आग से सुरक्षा देती है।

“रेडवुड पेड़” केवल ऊँचाई और आयु के लिए ही खास नहीं है, बल्कि पर्यावरण को संतुलित करने में भी इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह वातावरण से बड़ी मात्रा में ‘कार्बन डाइऑक्साइड’ सोखता है और बदले में हमें स्वच्छ ‘ऑक्सीजन’ प्रदान करता है। इस कारण वैज्ञानिक इन्हें धरती का "प्राकृतिक प्रहरी" कहते हैं। आज जब वैश्विक ऊष्मीकरण (Global Warming) एक बड़ी समस्या बन चुकी है, तब ऐसे पेड़ पृथ्वी के लिए वरदान हैं।

“रेडवुड” पेड़ों की जड़ें गहराई में तो जाती ही हैं, साथ ही वे पास-पड़ोस के अन्य “रेडवुड” पेड़ों की जड़ों से भी जुड़ जाती हैं। इससे पूरे जंगल की एक मजबूत भूमिगत जाल प्रणाली बन जाती है, जो सभी पेड़ों को सहारा देती है। यही कारण है कि तेज तूफान और प्राकृतिक आपदाओं में भी ये पेड़ मजबूती से टिके रहता है।

कैलिफोर्निया के जंगलों में “रेडवुड” पेड़ों को देखने के लिए हर साल लाखों पर्यटक आते हैं। इन पेड़ों की भव्यता मनुष्य को यह याद दिलाती है कि प्रकृति कितनी विशाल और शक्तिशाली है। कई स्थानीय समुदाय इन्हें पवित्र मानते हैं और इनके संरक्षण को अपनी परंपरा से जोड़ते हैं।

दुर्भाग्यवश, औद्योगिक विकास और वनों की कटाई के कारण “रेडवुड” पेड़ों की संख्या कम हो रही है। पहले ये पूरे उत्तरी अमेरिका में फैले थे, लेकिन आज मुख्य रूप से कैलिफोर्निया और ओरेगन के कुछ हिस्सों तक ही सीमित रह गए हैं। वैज्ञानिक और पर्यावरणविद लगातार इनका संरक्षण करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी इस अद्भुत पेड़ का सौंदर्य देख सके।

“रेडवुड” पेड़ केवल एक पौधा नहीं है, बल्कि धरती का गौरव है। यह सिखाता है कि धैर्य, शक्ति और दीर्घायु किसे कहते हैं। आसमान को छूता हुआ यह पेड़ प्रकृति के महत्व का अहसास कराता है और यह संदेश देता है कि यदि प्रकृति का संरक्षण करेंगे, तो यह सदियों तक हमारी पृथ्वी को जीवन देती रहेगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top