इटली की राजधानी रोम में पुरातत्वविदों को एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक खोज हाथ लगी है। खुदाई के दौरान लगभग 2400 साल पुराना एक इलाका सामने आया है, जिसने प्राचीन रोम के धार्मिक और अनुष्ठानिक जीवन को लेकर नई जानकारियाँ दी हैं। यह इलाका किसी सामान्य आवासीय बस्ती की तरह नहीं है, बल्कि इसके अवशेष संकेत देता है कि यहां विशेष धार्मिक गतिविधियाँ होती थी।
यह खोज रोम शहर में चल रहे एक नियमित निर्माण कार्य से पहले की गई पुरातात्विक खुदाई के दौरान हुई। खुदाई में प्राचीन सड़क, दो विशाल जलकुंड, कुलीन वर्ग की कब्रें और एक छोटा धार्मिक स्थल सामने आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह इलाका रोमन रिपब्लिकन काल से जुड़ा हुआ है, यानि ईसा पूर्व चौथी या पाँचवीं शताब्दी का।
पुरातत्वविदों के अनुसार, इस इलाके में ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं जो इसे सामान्य आवासीय मोहल्ला साबित करें। यहां घरों के अवशेष, रसोई या रोजमर्रा के जीवन से जुड़े ढांचे नहीं पाए गए। इसके विपरीत, कब्रों की संरचना, जलस्रोतों की विशालता और मंदिर जैसे ढांचे यह बताता है कि यह स्थान धार्मिक, अनुष्ठानिक या सामूहिक पूजा-पाठ से जुड़ा रहा होगा।
खुदाई में मिली कब्रें खास तौर पर कुलीन वर्ग से जुड़ी मानी जा रही हैं। इन कब्रों की बनावट और स्थान इस बात का संकेत देती है कि यहां दफन किए गए लोग सामाजिक रूप से उच्च वर्ग से थे। वहीं, दो विशाल जलकुंड इस क्षेत्र के महत्व को और बढ़ा देता है। प्राचीन रोम में जल का इस्तेमाल सिर्फ दैनिक जरूरतों के लिए ही नहीं, बल्कि धार्मिक शुद्धिकरण और अनुष्ठानों में भी किया जाता था।
इस इलाके में मिला छोटा मंदिर इस खोज का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। मंदिर की संरचना और उसके आसपास के अवशेष यह संकेत देता है कि यहां नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान होता था। संभव है कि यह स्थान किसी देवता की पूजा या विशेष धार्मिक पर्वों से जुड़ा रहा हो।
इतिहासकारों का मानना है कि यह खोज प्राचीन रोम के शुरुआती धार्मिक और सामाजिक ढांचे को समझने में एक नई कड़ी जोड़ती है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि रोम केवल एक राजनीतिक और सैन्य शक्ति ही नहीं था, बल्कि धार्मिक गतिविधियों का भी एक बड़ा केंद्र रहा है।
रोम में मिला यह 2400 साल पुराना इलाका प्राचीन सभ्यता की गहराई और उसकी जटिल सामाजिक-धार्मिक संरचना को उजागर करता है। आने वाले समय में और गहन अध्ययन से यह खोज रोम के इतिहास से जुड़े कई नए रहस्यों को सामने ला सकती है।
