दीपावली केवल दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आतिशबाजी करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, आस्था और जीवन-दर्शन का अद्भुत संगम है। इसे अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक माना जाता है। उपनिषदों का संदेश 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' इसी पर्व की आध्यात्मिक भावना को अभिव्यक्त करता है।
इस बार भी दीपावली पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। घरों, बाजारों और गलियों में रोशनी की सजावट रही। बच्चों की पटाखे छोड़ने की खुशी देखते ही बन रही थी। शायद ही कोई ऐसा घर रहा हो, जिसके दरवाजे पर बच्चों ने आतिशबाजी नहीं की हो। पटना में रात दस बजे के बाद भी पटाखे फोड़ने का सिलसिला जारी रहा, जबकि निर्धारित समय के बाद आतिशबाजी पर रोक का पालन करना जरूरी है।
दीपावली का वास्तविक संदेश केवल बाहरी रोशनी तक सीमित नहीं है। यह हमें अपने भीतर के अज्ञान, अहंकार, ईर्ष्या और नकारात्मकता को दूर करने की प्रेरणा देता है। लक्ष्मी के साथ गणेश की पूजा हमें याद दिलाती है कि समृद्धि तभी सार्थक है, जब उसके साथ सद्बुद्धि, सदाचार और परोपकार भी हो। दीप जलाने का अर्थ केवल घर को रोशन करना नहीं, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में भी आशा और खुशियों का प्रकाश फैलाना है। यही दीपावली का शाश्वत संदेश है।
दीपावली के अवसर पर एक सवाल अक्सर लोगों के मन में उठता है कि यदि यह पर्व भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है, तो इस दिन श्रीराम और माता सीता की पूजा क्यों नहीं होती? गणेश-लक्ष्मी की पूजा ही क्यों की जाती है? इसी तरह माता लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की जगह गणेश जी की पूजा का विधान क्यों है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपावली का संबंध सतयुग और त्रेतायुग, दोनों से है। सतयुग में कार्तिक अमावस्या के दिन समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था। इसलिए इस दिन महालक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। माता लक्ष्मी को धन, वैभव, ऐश्वर्य और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी माना गया है।
मार्कण्डेय पुराण के देवी माहात्म्य में आद्याशक्ति के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन मिलता है। देवी को सृष्टि की मूल शक्ति माना गया है, जो सात्विक, राजसिक और तामसिक तीनों गुणों के माध्यम से संसार का संचालन करती हैं। वे महालक्ष्मी, महाकाली और महासरस्वती के रूप में विभिन्न शक्तियों का प्रतिनिधित्व करती हैं। इस दृष्टि से लक्ष्मी पूजन केवल धन प्राप्ति की कामना नहीं, बल्कि जीवन में सुख, संतुलन और कल्याण की प्रार्थना भी है।
त्रेतायुग में भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूरा कर माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरी नगरी को प्रकाश से भर दिया था। लोकपरंपरा में इसी घटना को दीपोत्सव का प्रमुख आधार माना जाता है। इस प्रकार दीपावली में श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, सत्य और धर्म की विजय का संदेश भी समाहित है। यहां समझने की बात है कि दीपावली की धार्मिक परंपराएं अनेक पौराणिक प्रसंगों से विकसित हुई हैं। इसलिए श्रीराम के अयोध्या आगमन और महालक्ष्मी के प्राकट्य का उत्सव एक ही पर्व में समाहित हो गया।
लक्ष्मी-गणेश पूजन के पीछे एक प्रचलित धार्मिक कथा भी है। मान्यता के अनुसार माता लक्ष्मी के पास धन के वितरण का दायित्व कुबेर के पास था। लेकिन कुबेर धन के संचय में अधिक रुचि रखते थे। तब भगवान विष्णु ने माता लक्ष्मी को धन के सदुपयोग और वितरण के लिए गणेश जी की बुद्धि का सहयोग लेने की सलाह दी।
गणेश जी बुद्धि, विवेक और विघ्नों के नाश के प्रतीक हैं। उन्होंने माता लक्ष्मी से कहा कि जिन लोगों पर उनकी कृपा हो, उनके जीवन में समृद्धि का मार्ग खुलना चाहिए। माता लक्ष्मी ने उनकी बात स्वीकार की। इस कथा का भावार्थ यह है कि केवल धन होना पर्याप्त नहीं है, उसके साथ बुद्धि और विवेक भी आवश्यक है। इसीलिए दीपावली पर लक्ष्मी जी के साथ गणेश जी की पूजा की जाती है। लक्ष्मी समृद्धि की प्रतीक हैं तो गणेश बुद्धि और शुभारंभ के। दोनों का संयुक्त पूजन यह संदेश देता है कि धन का अर्जन और उपयोग विवेकपूर्ण होना चाहिए।
एक अन्य प्रचलित मान्यता के अनुसार कार्तिक अमावस्या के समय भगवान विष्णु योगनिद्रा में होते हैं और देवउठनी एकादशी को जागते हैं। ऐसी लोकमान्यता है कि शरद पूर्णिमा से दीपावली तक पृथ्वी भ्रमण के दौरान माता लक्ष्मी गणेश जी को अपने साथ रखती हैं। हालांकि यह कथा धार्मिक लोकपरंपरा का हिस्सा है, इसे शास्त्रीय इतिहास के रूप में नहीं देखना चाहिए।
दीपावली का उत्सव पांच दिनों तक चलता है। धनतेरस से भाई दूज तक प्रत्येक दिन का अपना धार्मिक और सामाजिक महत्व है। धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, कुबेर और यम के निमित्त पूजा तथा दीपदान किया जाता है। इसे आरोग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। रूप चतुर्दशी अथवा छोटी दीपावली पर अभ्यंग स्नान, यमतर्पण, हनुमान पूजन और दीपदान की परंपरा है। अमावस्या को महालक्ष्मी, गणेश और मां काली की पूजा तथा दीपमाला सजाई जाती है। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का आयोजन होता है। यह प्रकृति, कृषि, पशुधन और अन्न के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। पांचवें दिन भाई दूज पर बहनें भाइयों को तिलक लगाकर उनके सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना करती हैं। इस दिन चित्रगुप्त पूजा की परंपरा भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

