जीवन का सबसे खूबसूरत सच तर्क नहीं - एहसास होता है

Jitendra Kumar Sinha
0


हर इंसान अपनी पूरी जिन्दगी में कुछ न कुछ पाने की कोशिश करता रहता है। उसकी हर कोशिश, हर संघर्ष, हर सपना और हर महत्वाकांक्षा के पीछे कहीं न कहीं तीन भावनाएं छिपी होती हैं वह है- हर्ष, प्रेम और सुकून। कोई धन-दौलत कमाता है ताकि खुश रह सके, कोई प्रतिष्ठा और सम्मान हासिल करने के लिए जीवन खपा देता है, कोई रिश्तों में प्रेम तलाशता है तो कोई संसार की भागदौड़ से दूर शांति की खोज में निकल पड़ता है। हर व्यक्ति की परिस्थितियां अलग होती है, रास्ते अलग होते हैं और मंजिलों के नाम भी अलग-अलग होते हैं, लेकिन इन सबके भीतर छिपी चाहत लगभग एक जैसी होती है- मन प्रसन्न रहे, अपनेपन का एहसास बना रहे और जीवन में सुकून हो।


विडंबना यह है कि जिस खुशी, प्रेम और सुकून की तलाश में इंसान पूरी जिन्दगी लगा देता है, वही तीनों भावनाएं अक्सर उसके हाथों से फिसलती रहती है। वह एक पायदान चढ़ता है तो उसे लगता है कि अब जीवन संपूर्ण हो जाएगा, लेकिन अगली ही सीढ़ी पर कोई नई अपेक्षा, कोई नया अभाव और कोई नया अधूरापन उसका इंतजार कर रहा होता है। वह उपलब्धियों के शिखर पर पहुंचकर भी भीतर से खाली महसूस करता है। उसके पास सुविधाएं होती है, साधन होते हैं, पहचान होती है, लेकिन मन के किसी कोने में एक अनकही बेचैनी बनी रहती है। आखिर ऐसा क्यों होता है? क्या जीवन की खूबसूरती को पाने के लिए इंसान गलत रास्ते पर चल रहा है? या फिर उसने जीवन को समझने का तरीका ही कुछ ऐसा बना लिया है कि भावनाओं की सहजता भी तर्कों के बोझ तले दब गई है?


मनुष्य की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विचार करने की क्षमता है। तर्क, विवेक और विश्लेषण ने उसे सभ्यता के विकास में बहुत आगे पहुंचाया है। विज्ञान ने असंभव को संभव बनाया, ज्ञान ने अज्ञान के अंधकार को दूर किया और तर्क ने अनेक सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी। जीवन में तर्क का अपना महत्व है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब इंसान हर भावना को भी तर्क की कसौटी पर कसने लगता है।


वह प्रेम में भी हिसाब खोजता है। कौन कितना प्रेम करता है, किसने कितना समय दिया, किसने कितनी बार फोन किया, किसने किसके लिए क्या त्याग किया? रिश्तों में भी वह लाभ-हानि का गणित बैठाने लगता है। खुशी को भी वह उपलब्धियों से जोड़ देता है और सुकून को भविष्य की किसी बड़ी सफलता के साथ टालता रहता है। वह भूल जाता है कि भावनाओं का संसार गणित के नियमों से संचालित नहीं होता है। हर बात का प्रमाण नहीं होता है, हर अनुभूति का स्पष्टीकरण नहीं होता है और हर रिश्ते को शब्दों में व्यक्त करना भी संभव नहीं होता है।


कुछ चीजें केवल महसूस की जाती है। मां का अपने बच्चे के सिर पर हाथ फेरना, पिता का बिना कुछ कहे परिवार की जिम्मेदारियां उठाना, किसी अपने का कठिन समय में साथ खड़ा होना और किसी पुराने मित्र से वर्षों बाद मिलकर आंखों में उतर आने वाली खुशी- इनमें से किसी का मूल्यांकन तर्क से नहीं किया जा सकता है। ये जीवन के वे सत्य है, जिन्हें समझने के लिए बुद्धि से अधिक संवेदनशील हृदय की आवश्यकता होती है।


प्रेम मानव जीवन की सबसे सुंदर अनुभूतियों में से एक है। लेकिन आधुनिक जीवन में प्रेम को भी परिभाषाओं, अपेक्षाओं और शर्तों में बांध दिया गया है। लोग प्रेम करने से पहले यह सोचने लगे हैं कि बदले में उन्हें क्या मिलेगा। सामने वाला कितना समय देगा, कितनी प्राथमिकता देगा और उनकी अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरेगा। निस्संदेह, किसी भी रिश्ते में सम्मान, विश्वास और पारस्परिक जिम्मेदारी आवश्यक है। लेकिन प्रेम का मूल आधार केवल लेन-देन नहीं हो सकता है।


सच्चा प्रेम किसी को अपने अनुसार ढालने की जिद नहीं करता है। वह दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्रता, उसकी कमजोरियों और उसकी अलग पहचान को भी स्वीकार करने का साहस रखता है। प्रेम का अर्थ केवल साथ रहना नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के अस्तित्व को सम्मान देना भी है। प्रेम में कभी-कभी मौन भी संवाद बन जाता है। किसी की आंखों में चिंता देखकर उसकी परेशानी समझ लेना, बिना मांगे मदद के लिए आगे आना और किसी के दुख को अपना दुख मान लेना प्रेम की वही अभिव्यक्तियां है, जिन्हें शब्दों में बांधना कठिन है। प्रेम का सौंदर्य इस बात में नहीं है कि कोई कितना कहता है, बल्कि इस बात में है कि वह अपने व्यवहार से कितना महसूस कराता है। जहां प्रेम को हर दिन प्रमाणित करने की जरूरत पड़ने लगे, वहां रिश्ते सहजता खोने लगते हैं। प्रेम को अधिकार की वस्तु नहीं, विश्वास की अनुभूति बनाना होगा।


इंसान अक्सर सोचता है कि जब उसकी नौकरी लग जाएगी, जब अपना घर बन जाएगा, जब बच्चे सफल हो जाएंगे, जब आर्थिक स्थिति मजबूत हो जाएगी या जब समाज में प्रतिष्ठा मिल जाएगी, तब वह वास्तव में खुश होगा। लेकिन एक इच्छा पूरी होते ही दूसरी इच्छा जन्म ले लेती है। एक उपलब्धि के बाद अगली उपलब्धि की चाह शुरू हो जाती है। इस तरह खुशी हमेशा भविष्य के किसी मोड़ पर खड़ी दिखाई देती है और वर्तमान उसके इंतजार में बीतता चला जाता है। यह जीवन की एक बड़ी विडंबना है कि हम खुश रहने के लिए भविष्य की तैयारी करते रहते हैं, लेकिन वर्तमान में उपलब्ध खुशियों को महसूस करना भूल जाते हैं।


सुबह की पहली किरण, परिवार के साथ बैठकर चाय पीना, बच्चों की हंसी, किसी पुराने मित्र का हालचाल पूछना, बारिश की बूंदों की आवाज और दिनभर की थकान के बाद अपनों के बीच कुछ पल बिताना, ये छोटी-छोटी बातें ही जीवन की वास्तविक खुशियों का आधार बनती है। खुशी हमेशा किसी बड़ी उपलब्धि से नहीं आती। कई बार वह किसी साधारण क्षण में छिपी होती है। इसका अर्थ यह नहीं कि मनुष्य को सपने देखना या आगे बढ़ना छोड़ देना चाहिए। महत्वाकांक्षा जीवन को दिशा देती है और परिश्रम उसे गति देता है। लेकिन उपलब्धियों की दौड़ में वर्तमान की खुशियों को कुचल देना समझदारी नहीं है। खुशी कोई ऐसी मंजिल नहीं है, जहां पहुंचकर इंसान हमेशा के लिए ठहर जाए। यह तो जीवन के प्रत्येक क्षण में संतुलन और संतोष खोजने की कला है।


आज का इंसान जितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से अपने भीतर से दूर भी होता जा रहा है। सुबह से रात तक काम, जिम्मेदारियां, प्रतिस्पर्धा, सामाजिक अपेक्षाएं और भविष्य की चिंताएं उसके मन को लगातार व्यस्त रखती है। मोबाइल की स्क्रीन पर हजारों लोगों से जुड़ा व्यक्ति अपने ही परिवार के साथ बैठकर भी संवाद नहीं कर पाता है। सोशल मीडिया पर दूसरों की खुशहाल तस्वीरें देखकर वह अपनी जिन्दगी की तुलना करने लगता है। किसी के पास बड़ा घर है, किसी के पास महंगी गाड़ी है, कोई विदेश घूम रहा है और कोई अपने कारोबार का विस्तार कर रहा है। दूसरों की उपलब्धियां देखकर वह अपनी उपलब्धियों को छोटा समझने लगता है। यहीं से असंतोष जन्म लेता है।


सुकून का संबंध बाहरी परिस्थितियों से पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता है, लेकिन उसका वास्तविक आधार मन की स्थिति है। यदि मन लगातार तुलना, ईर्ष्या, अपेक्षा और चिंता में उलझा रहेगा तो संसार की बड़ी से बड़ी सुविधा भी उसे शांति नहीं दे सकती। सुकून का अर्थ जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लेना नहीं है। इसका अर्थ है जिम्मेदारियां निभाते हुए भी अपने मन को इतना बोझिल न होने देना कि जीवन की सहजता ही समाप्त हो जाए। कभी अपने लिए समय निकालना, कुछ देर मौन रहना, प्रकृति के साथ जुड़ना, अपनों से खुलकर बात करना और अपनी सीमाओं को स्वीकार करना भी सुकून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुकून दौड़ते हुए नहीं मिलता है। इसके लिए कभी-कभी रुककर स्वयं को सुनना पड़ता है।


मनुष्य का मन स्वभाव से आकांक्षी है। वह जो प्राप्त कर लेता है, उससे आगे कुछ और पाने की इच्छा करने लगता है। यह प्रवृत्ति विकास का कारण भी है, लेकिन जब अपेक्षाएं विवेक और संतोष से बड़ी हो जाती है तो वही प्रवृत्ति बेचैनी का कारण बन जाती है। जीवन में अधूरापन हमेशा किसी चीज की कमी से पैदा नहीं होता है। कई बार यह उन चीजों को पाने की अनंत इच्छा से पैदा होता है, जिनकी वास्तव में उतनी आवश्यकता भी नहीं होती है। हम अपने जीवन की तुलना दूसरों के जीवन से करने लगते हैं। अपनी परिस्थितियों, अपनी उपलब्धियों और अपने रिश्तों को दूसरों के मानकों से मापते हैं। धीरे-धीरे हम अपने पास मौजूद सुख को भी कमतर समझने लगते हैं।


यह समझना जरूरी है कि हर व्यक्ति का जीवन अलग है। किसी की सफलता का पैमाना दूसरे की सफलता का पैमाना नहीं हो सकता है। किसी के लिए परिवार के साथ बिताया समय सबसे बड़ी उपलब्धि है, तो किसी के लिए अपने सपनों को साकार करना। किसी के लिए समाजसेवा में संतोष है, तो किसी के लिए अपने कर्मक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करना। जीवन की पूर्णता का कोई एक सार्वभौमिक पैमाना नहीं है। संतोष का अर्थ महत्वाकांक्षा का अंत नहीं है, बल्कि अपनी उपलब्धियों और परिस्थितियों के प्रति कृतज्ञता का भाव विकसित करना है। जो मिला है उसका सम्मान और जो पाना है उसके लिए ईमानदार प्रयास, यही संतुलन जीवन को सुंदर बनाता है।


इंसान अपनी परेशानियों का समाधान अक्सर बाहर तलाशता है। वह परिस्थितियों को बदलना चाहता है, लोगों से अपेक्षाएं रखता है और संसार को अपने अनुसार ढालने की कोशिश करता है। लेकिन बहुत कम समय ऐसा होता है, जब वह स्वयं से पूछता है कि उसकी बेचैनी का वास्तविक कारण क्या है। क्या वह सचमुच किसी चीज की कमी से परेशान है या उसकी अपेक्षाएं जरूरत से अधिक बढ़ गई है? क्या उसे वास्तव में दूसरों से शिकायत है या वह अपनी ही भावनाओं को समझ नहीं पा रहा है? क्या उसे खुशी के लिए नई उपलब्धि चाहिए या अपने वर्तमान जीवन को देखने का नया नजरिया? ऐसे प्रश्नों के उत्तर आत्मचिंतन में मिलते हैं।


अपने भीतर झांकना आसान नहीं होता है। इसके लिए स्वयं के प्रति ईमानदार होना पड़ता है। अपनी गलतियों को स्वीकार करना पड़ता है, अपनी सीमाओं को समझना पड़ता है और कभी-कभी उन अपेक्षाओं को भी छोड़ना पड़ता है, जिन्हें हमने जीवन का अनिवार्य हिस्सा मान लिया है। जब इंसान स्वयं को समझने लगता है, तब दूसरों से उसकी अपेक्षाएं भी संतुलित होने लगती है। वह हर रिश्ते से अपनी इच्छानुसार व्यवहार की मांग नहीं करता है। वह हर असहमति को अपमान नहीं समझता है और हर असफलता को जीवन का अंत नहीं मानता है। यहीं से आत्मिक परिपक्वता की शुरुआत होती है।


बुद्धि हमें सही और गलत का अंतर समझाती है, लेकिन संवेदनशीलता हमें यह समझने की क्षमता देती है कि किसी दूसरे व्यक्ति के मन में क्या चल रहा है। आज समाज में ज्ञान और सूचना की कोई कमी नहीं है। तकनीक ने दुनिया को छोटा कर दिया है। संवाद के साधन बढ़ गए हैं, लेकिन संवेदनाओं की गहराई कई बार कम होती दिखाई देती है। हम किसी की परेशानी पर टिप्पणी तो कर देते हैं, लेकिन उसके दुख को महसूस करने का समय नहीं निकालते। किसी की असफलता का विश्लेषण कर लेते हैं, लेकिन उसे संभालने के लिए हाथ आगे नहीं बढ़ाते हैं। रिश्तों में गलतियां गिनने लगते हैं, लेकिन उन रिश्तों को बचाने के लिए अपने अहंकार को पीछे रखने को तैयार नहीं होते हैं। संवेदनशीलता का अर्थ कमजोर होना नहीं है। इसका अर्थ है मनुष्य बने रहना। किसी की खुशी में प्रसन्न होना, किसी के दुख में साथ देना, किसी की गलती को सुधारने का अवसर देना और किसी की मजबूरी को समझना ही संवेदनशील जीवन के लक्षण है। जिस हृदय में एहसास जीवित रहता है, वहां प्रेम के लिए जगह होती है, खुशी के लिए अवसर होता है और सुकून के लिए आधार होता है।


जीवन की यात्रा में धन, पद और प्रतिष्ठा का महत्व अपनी जगह है, लेकिन अंततः इंसान को सबसे अधिक याद अपने रिश्तों के वे क्षण आते हैं, जिनमें उसने अपनापन महसूस किया होता है। बचपन में माता-पिता की गोद, युवावस्था में मित्रों का साथ, जीवनसाथी का विश्वास, बच्चों की शरारतें और परिवार के साथ बिताए सामान्य से दिखने वाले दिन, समय बीतने के बाद यही स्मृतियां जीवन की सबसे मूल्यवान पूंजी बन जाती है। रिश्तों को बनाए रखने के लिए केवल अधिकार जताना पर्याप्त नहीं है। उनमें समय, धैर्य, विश्वास और संवेदनशीलता की जरूरत होती है। कई बार एक छोटी-सी क्षमा वर्षों की दूरी मिटा देती है। एक स्नेहपूर्ण शब्द टूटते हुए मन को संभाल लेता है। एक सच्चा आलिंगन उन भावनाओं को व्यक्त कर देता है, जिन्हें हजारों शब्द भी नहीं कह पाते। इसलिए रिश्तों को तर्कों की अदालत में खड़ा करने के बजाय उन्हें विश्वास और एहसास की जमीन पर विकसित करना चाहिए। जहां जरूरी हो वहां संवाद हो, जहां गलती हो वहां सुधार हो और जहां मतभेद हों वहां सम्मान बना रहे। यही जीवन की वास्तविक संपन्नता है।


पूर्णता का अर्थ यह नहीं है कि जीवन में कोई कमी न रहे, कोई परेशानी न आए और कोई सपना अधूरा न बचे। ऐसा जीवन शायद किसी के हिस्से में नहीं आता है। पूर्णता का अर्थ है अपनी परिस्थितियों के बीच भी जीवन को स्वीकार करने और उसका आनंद लेने की क्षमता विकसित करना। संतोष हमें निष्क्रिय नहीं बनाता है, बल्कि हमारी इच्छाओं को सही दिशा देता है। यह हमें सिखाता है कि सफलता के लिए प्रयास करना जरूरी है, लेकिन सफलता के अभाव में स्वयं को असफल मान लेना उचित नहीं है। हमें अपने जीवन में कुछ ऐसे क्षण अवश्य बनाने चाहिए, जब हम किसी लक्ष्य के पीछे न भाग रहे हों, किसी से प्रतिस्पर्धा न कर रहे हों और किसी उपलब्धि का हिसाब न लगा रहे हों। बस अपने अस्तित्व को महसूस कर रहे हों। ऐसे क्षणों में ही मन को पता चलता है कि जीवन केवल पाने का नाम नहीं है, बल्कि जो हमारे पास है, उसे महसूस करने का नाम भी है।


जीवन का सबसे बड़ा सत्य यही है कि तर्क हमें रास्ता दिखा सकता है, लेकिन उस रास्ते पर चलने की खूबसूरती एहसास से आती है। बुद्धि हमें परिस्थितियों का विश्लेषण करना सिखाती है, लेकिन हृदय हमें उन परिस्थितियों में भी प्रेम, करुणा और प्रसन्नता खोजने की प्रेरणा देता है। प्रेम कोई गणित नहीं है, जिसे जोड़-घटाकर समझा जा सके। खुशी कोई मंजिल नहीं है, जहां पहुंचने के बाद जीवन की यात्रा समाप्त हो जाए। सुकून कोई ऐसी राह नहीं है, जिस पर तेज गति से भागकर पहुंचा जा सके। ये तीनों मन की ऐसी अनुभूतियां है, जो संवेदनशीलता, विश्वास, आत्मीयता और संतोष से जन्म लेती है। जीवन में आगे बढ़िए, सपने देखिए, उपलब्धियां हासिल कीजिए, अपनी जिम्मेदारियां निभाइए और संसार में अपनी पहचान बनाइए। लेकिन इस यात्रा में अपने भीतर के इंसान को खोने मत दीजिए। अपने रिश्तों को समय दीजिए, छोटी-छोटी खुशियों को महसूस कीजिए और कभी-कभी स्वयं के साथ भी बैठिए। क्योंकि जिस दिन इंसान दूसरों से अपनी तुलना करना छोड़कर अपने भीतर झांकना सीख जाता है, जिस दिन वह हर रिश्ते में हिसाब खोजने के बजाय अपनापन महसूस करने लगता है और जिस दिन वह भविष्य की चिंता में वर्तमान को खोना बंद कर देता है, उसी दिन उसके भीतर सुकून का जन्म होने लगता है।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top