नरकासुर के वध का प्रतीक है नरक चतुर्दशी, अभ्यंग स्नान से आत्मशुद्धि और दीपदान से अज्ञान के अंधकार पर विजय का संदेश

Jitendra Kumar Sinha
0

 


दीप जितना शांत होता है, उसकी लौ उतनी ही तेज और स्थिर होती है। तन जितना स्वस्थ होता है, मन उतना ही निर्मल और अद्वितीय बनता है। मन की अद्वितीयता जब व्यक्तित्व में उतरती है तो बाहरी रूप भी निखर उठता है। यह निखार केवल शारीरिक सौंदर्य तक सीमित नहीं रहता है, बल्कि व्यक्ति के आचरण, विचार, व्यवहार और आत्मिक चेतना में शाश्वतता का बोध कराता है। वस्तुतः सच्चा सौंदर्य चेहरे की चमक में नहीं है, बल्कि अंतर्मन की पवित्रता में छिपा होता है।



भारतीय सनातन परंपरा में पर्व-त्योहार केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि वे जीवन को परिष्कृत करने, आत्मचिंतन करने और अपने भीतर छिपी दिव्यता को पहचानने के आध्यात्मिक माध्यम भी है। दीपावली से ठीक एक दिन पहले आने वाली कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी इसी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे रूप चतुर्दशी, रूप चौदस, छोटी दीपावली और नरक चतुर्दशी के नाम से जाना जाता है। यह दिन हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, अशुद्धि से पवित्रता की ओर और अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। इसका वास्तविक उद्देश्य केवल शरीर को स्वच्छ और सुंदर बनाना नहीं, बल्कि मन के भीतर संचित काम, क्रोध, लोभ, मोह, माया और अहंकार जैसे विकारों को भी समाप्त करने का संकल्प लेना है।



रूप चतुर्दशी का नाम सुनते ही सामान्यतः मन में शारीरिक सौंदर्य, स्वास्थ्य, स्नान और श्रृंगार का विचार आता है। लेकिन भारतीय दर्शन में रूप का अर्थ केवल बाहरी आकर्षण नहीं है। रूप व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व का परिचायक है। इसमें शरीर की स्वस्थता, मन की निर्मलता, विचारों की पवित्रता और आत्मा की दिव्यता समाहित है।



हमारा शरीर प्रकृति का अनमोल उपहार है। इसकी स्वच्छता और स्वस्थता बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। लेकिन शरीर की सुंदरता तभी सार्थक होती है, जब उसके भीतर रहने वाला मन भी सुंदर हो। यदि किसी व्यक्ति का चेहरा आकर्षक है, लेकिन उसके विचार दूषित है, व्यवहार कठोर है और मन ईर्ष्या, द्वेष तथा अहंकार से भरा है, तो उसका बाहरी सौंदर्य अधूरा है। इसके विपरीत, जिस व्यक्ति का मन करुणा, प्रेम, दया, सेवा और सद्भाव से भरा होता है, उसके चेहरे पर एक अलग ही आभा दिखाई देती है। यही आंतरिक सौंदर्य है, जो समय के साथ समाप्त नहीं होता है। इसलिए रूप चतुर्दशी हमें यह समझाती है कि वास्तविक रूप वही है, जिसमें तन और मन दोनों का संतुलित विकास हो। बाहरी स्वच्छता के साथ आंतरिक शुद्धता ही जीवन को दिव्य बनाती है।



नरक चतुर्दशी का धार्मिक और पौराणिक महत्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध से जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार नरकासुर अत्यंत शक्तिशाली असुर था। उसने अपने बल और सत्ता के अहंकार में अनेक लोगों को प्रताड़ित किया तथा हजारों स्त्रियों को बंदी बना रखा था। उसके अत्याचारों से त्रस्त संसार को मुक्ति दिलाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध किया। इस घटना को अधर्म पर धर्म, अत्याचार पर न्याय और अंधकार पर प्रकाश की विजय के रूप में स्मरण किया जाता है। लेकिन इस कथा का संदेश केवल एक पौराणिक घटना तक सीमित नहीं है। इसका एक गहरा आध्यात्मिक अर्थ भी है। नरकासुर को मनुष्य के भीतर विद्यमान उन नकारात्मक प्रवृत्तियों का प्रतीक माना जा सकता है, जो उसके विवेक और चेतना को कमजोर करती है।



काम जब अनियंत्रित होता है तो विवेक को नष्ट करता है। क्रोध संबंधों में विष घोलता है। लोभ संतोष को समाप्त करता है। मोह व्यक्ति को वास्तविकता से दूर ले जाता है। माया भ्रम उत्पन्न करती है और अहंकार मनुष्य को अपने ही अस्तित्व की सीमाओं से अनजान बना देता है। इन विकारों के रहते मनुष्य बाहरी रूप से कितना भी संपन्न क्यों न हो, भीतर से अशांत और असंतुष्ट रहता है। इसलिए नरक चतुर्दशी का वास्तविक संदेश है कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का अंत कर संसार को भयमुक्त किया, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने भीतर के नरकासुर का विनाश करना चाहिए।



नरक चतुर्दशी की सबसे महत्वपूर्ण परंपराओं में अभ्यंग स्नान का विशेष स्थान है। इस दिन प्रातःकाल सूर्योदय से पूर्व शरीर पर तेल लगाकर स्नान करने की परंपरा प्रचलित है। इसे धार्मिक मान्यताओं में पवित्रता, आरोग्य और सौभाग्य से जोड़ा गया है। अभ्यंग स्नान केवल शरीर की सफाई का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि के संकल्प का भी प्रतीक है। जल भारतीय संस्कृति में पवित्रता और जीवन का आधार माना गया है। स्नान के माध्यम से मनुष्य अपने शरीर को स्वच्छ करता है और साथ ही यह संकल्प लेता है कि वह अपने विचारों तथा व्यवहार को भी निर्मल बनाएगा। इस परंपरा का एक सुंदर संदेश यह है कि जिस प्रकार हम शरीर पर जमी धूल और अशुद्धियों को पानी से साफ करते हैं, उसी प्रकार मन पर जमी ईर्ष्या, द्वेष, घृणा, क्रोध और अहंकार की परतों को आत्मचिंतन, सद्विचार और सदाचार से साफ करना चाहिए। शरीर की स्वच्छता प्रतिदिन आवश्यक है, लेकिन मन की स्वच्छता भी उतनी ही आवश्यक है। अभ्यंग स्नान हमें इसी संतुलन की याद दिलाता है।



दीपावली का मूल आधार दीप है। दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। उसकी लौ हमें त्याग, तपस्या, धैर्य और सकारात्मकता का संदेश देती है। एक दीपक की विशेषता यह है कि वह अंधकार से संघर्ष नहीं करता, बल्कि स्वयं प्रकाशित होकर अंधकार को समाप्त कर देता है। इसी प्रकार मनुष्य को भी नकारात्मकता से लड़ने के लिए अपने भीतर सकारात्मक विचारों का प्रकाश उत्पन्न करना चाहिए। दीप जितना स्थिर और शांत होता है, उसकी लौ उतनी ही स्पष्ट दिखाई देती है। मनुष्य का मन भी जब शांत होता है, तब उसकी बुद्धि सही निर्णय लेने में सक्षम होती है। अशांत मन में विचारों का कोलाहल रहता है, जबकि शांत मन में विवेक का प्रकाश प्रकट होता है। इस दृष्टि से रूप चतुर्दशी केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने भीतर ज्ञान, विवेक और आत्मचेतना का दीप प्रज्वलित करने का अवसर है। हम अपने घरों को दीपों से सजाते हैं, लेकिन क्या कभी अपने मन के अंधेरे को दूर करने का प्रयास करते हैं? क्या हमने कभी अपने भीतर के क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार को पहचानकर उन्हें समाप्त करने का संकल्प लिया है? यदि ऐसा नहीं है तो दीपोत्सव की आध्यात्मिक पूर्णता अभी शेष है।



भारतीय संस्कृति में स्वच्छता को केवल शारीरिक आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण अंग माना गया है। घर, आंगन, पूजा स्थल और आसपास के वातावरण की सफाई दीपावली की तैयारियों का अभिन्न हिस्सा है। लोग घरों की सफाई करते हैं, अनुपयोगी वस्तुओं को हटाते हैं, दीवारों को सजाते हैं और दीपों से वातावरण को प्रकाशित करते हैं। यह सब एक नई शुरुआत का प्रतीक है। लेकिन इस अवसर पर एक प्रश्न स्वयं से भी पूछना चाहिए कि क्या हमने अपने मन की सफाई की है? क्या हमने किसी के प्रति वर्षों से संचित दुर्भावना को समाप्त किया है? क्या किसी अपने को दुख पहुंचाने के बाद क्षमा मांगने का साहस दिखाया है? क्या किसी जरूरतमंद की सहायता करने का संकल्प लिया है? क्या अपने व्यवहार में विनम्रता और सहिष्णुता लाने का प्रयास किया है? यदि घर की सफाई के साथ मन की सफाई भी हो जाए तो दीपावली का आनंद कई गुना बढ़ जाता है। वास्तव में बाहरी स्वच्छता वातावरण को सुंदर बनाती है, जबकि आंतरिक स्वच्छता जीवन को सुंदर बनाती है।



भारतीय दर्शन में मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी चुनौती उसके भीतर विद्यमान विकारों पर नियंत्रण प्राप्त करना है। काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार को मनुष्य के पतन के प्रमुख कारणों में गिना गया है। काम जब विवेक से नियंत्रित नहीं होता है तो इच्छाओं का अंतहीन विस्तार बन जाता है। क्रोध मनुष्य की सोचने-समझने की शक्ति को प्रभावित करता है और कई बार ऐसे निर्णय करा देता है, जिनका पश्चाताप जीवनभर रहता है। लोभ व्यक्ति को उपलब्धियों के बावजूद असंतुष्ट बनाए रखता है। उसे हमेशा कुछ और पाने की इच्छा बनी रहती है। मोह मनुष्य को संबंधों और वस्तुओं के प्रति इतना आसक्त कर देता है कि वह उनके वास्तविक स्वरूप को समझ नहीं पाता है। अहंकार सबसे सूक्ष्म विकार है। यह व्यक्ति को अपनी सीमाओं, दूसरों के योगदान और जीवन की नश्वरता से दूर कर देता है। रूप चतुर्दशी इन सभी विकारों को पहचानने और उन पर विजय प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। यह हमें बताती है कि सच्चा उत्सव तभी है, जब मनुष्य अपने भीतर के अंधकार को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़े।



मनुष्य का व्यक्तित्व तीन महत्वपूर्ण आयामों से निर्मित होता है- शरीर, मन और आत्मा। इन तीनों के बीच संतुलन ही संपूर्ण जीवन का आधार है। स्वस्थ शरीर व्यक्ति को कर्म करने की शक्ति देता है। शांत और निर्मल मन उसे सही दिशा दिखाता है। आत्मिक चेतना उसे जीवन के उद्देश्य और मूल्यों का बोध कराती है। यदि शरीर स्वस्थ है, लेकिन मन अशांत है तो जीवन में संतोष नहीं होगा। यदि मन बुद्धिमान है, लेकिन उसमें करुणा और संवेदना का अभाव है तो ज्ञान भी अधूरा रहेगा और यदि मनुष्य अपने भीतर की चेतना को पहचान लेता है तो उसके जीवन में एक नई दृष्टि विकसित होती है। इसीलिए रूप चतुर्दशी का संदेश केवल सुंदर दिखने का नहीं है, बल्कि सुंदर बनने का है। सौंदर्य प्रसाधनों से चेहरे का आकर्षण बढ़ सकता है, लेकिन सद्विचारों से व्यक्तित्व की आभा बढ़ती है। आभूषण शरीर को सजा सकते हैं, लेकिन विनम्रता और सदाचार मनुष्य को सम्मान दिलाते हैं। समय के साथ शारीरिक सौंदर्य बदलता है, लेकिन चरित्र और संस्कारों से उत्पन्न सौंदर्य पीढ़ियों तक याद रखा जाता है।



भारतीय सनातन परंपरा में प्रकाश को ज्ञान, चेतना, सत्य और सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है। उपनिषदों की प्रसिद्ध प्रार्थना है- “असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मा अमृतं गमय॥” अर्थात् हमें असत्य से सत्य की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर और मृत्यु के बंधन से अमृतत्व की ओर ले चलो। यह प्रार्थना मानव जीवन के संपूर्ण आध्यात्मिक उद्देश्य को अपने भीतर समेटे हुए है। रूप चतुर्दशी इसी भाव को जीवन में उतारने का अवसर है। अज्ञानता से ज्ञान की ओर बढ़ना, गलतियों से सीखना, कटुता को प्रेम में बदलना और अहंकार को विनम्रता में परिवर्तित करना ही वास्तविक आध्यात्मिक उन्नति है। दीपक का प्रकाश कुछ समय के लिए घर को प्रकाशित करता है, लेकिन ज्ञान का प्रकाश पूरे जीवन को दिशा दे सकता है। इसीलिए इस पर्व पर दीप जलाने के साथ अपने भीतर ज्ञान और विवेक की ज्योति जलाना भी आवश्यक है।



छोटी दीपावली को मुख्य दीपावली की पूर्व संध्या के रूप में देखा जाता है। घरों में दीप जलाए जाते हैं, पूजा-अर्चना होती है और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। कई क्षेत्रों में यमदीपदान की परंपरा भी प्रचलित है, जिसमें घर के बाहर दीप जलाकर अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति और परिवार की मंगलकामना की जाती है। इस दिन की परंपराएं हमें जीवन की अनिश्चितता और उसके मूल्य का बोध कराती है। जीवन केवल धन-संपत्ति, पद-प्रतिष्ठा और भौतिक उपलब्धियों का नाम नहीं है। इसका वास्तविक आनंद अच्छे स्वास्थ्य, संतुष्ट मन, प्रेमपूर्ण संबंधों और सामाजिक सद्भाव में निहित है। छोटी दीपावली हमें बड़े उत्सव से पहले स्वयं को तैयार करने का अवसर देती है। यह तैयारी केवल घर सजाने की नहीं, बल्कि अपने विचारों और भावनाओं को सकारात्मक बनाने की भी है। यदि हम इस दिन किसी जरूरतमंद की सहायता करें, किसी रूठे हुए व्यक्ति को मना लें, किसी बुजुर्ग का आशीर्वाद प्राप्त करें और परिवार के साथ कुछ समय बिताएं तो त्योहार का आनंद और अधिक सार्थक हो सकता है।



भारतीय संस्कृति में ऐश्वर्य का अर्थ केवल धन और संपत्ति नहीं है। स्वास्थ्य, ज्ञान, सद्बुद्धि, संतोष, परिवार का प्रेम, सामाजिक प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक शांति भी ऐश्वर्य के ही रूप है। धनवान होना और समृद्ध होना दो अलग-अलग स्थितियां हैं। धनवान व्यक्ति के पास बहुत कुछ हो सकता है, लेकिन यदि उसके जीवन में शांति और संतोष नहीं है तो उसकी समृद्धि अधूरी है। इसके विपरीत, सीमित संसाधनों में भी प्रेम, सम्मान, संतोष और कृतज्ञता के साथ जीवन बिताने वाला व्यक्ति वास्तविक अर्थों में समृद्ध है। रूप चतुर्दशी हमें इसी व्यापक ऐश्वर्य को ग्रहण करने की प्रेरणा देती है। यह दिन हमें सिखाता है कि जीवन में बाहरी उपलब्धियों के साथ आंतरिक समृद्धि भी आवश्यक है। मनुष्य का वास्तविक वैभव उसके संस्कार, व्यवहार, विचार और दूसरों के प्रति उसकी संवेदनशीलता में दिखाई देता है।



पर्वों की सार्थकता तभी है, जब उनके संदेश हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनें। यदि नरक चतुर्दशी के दिन हम केवल स्नान, पूजा और दीपदान तक सीमित रह जाएं तो इसके आध्यात्मिक उद्देश्य का एक बड़ा हिस्सा अधूरा रह जाएगा। इस दिन हमें कुछ संकल्प अवश्य लेने चाहिए- अपने क्रोध पर नियंत्रण रखने का प्रयास करेंगे। किसी के प्रति ईर्ष्या और द्वेष की भावना नहीं रखेंगे। धन और पद का अहंकार अपने व्यवहार में नहीं आने देंगे। जरूरतमंदों की सहायता को अपना दायित्व समझेंगे। परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान और सद्भाव बनाए रखेंगे। शरीर के साथ मन और विचारों की स्वच्छता का भी ध्यान रखेंगे। प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। ये छोटे-छोटे संकल्प ही जीवन में बड़े परिवर्तन ला सकते हैं।



मनुष्य जब अपने भीतर के विकारों को पहचानकर उन्हें नियंत्रित करना सीखता है, तब उसके जीवन में एक नई शांति का संचार होता है। उसका व्यवहार सहज होता है, विचार सकारात्मक होते हैं और दूसरों के प्रति दृष्टिकोण उदार बनता है। यही वह अवस्था है, जहां बाहरी सौंदर्य और आंतरिक दिव्यता का मिलन होता है। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में ब्रह्मानुभूति को परम चेतना की अनुभूति के रूप में देखा गया है। यह केवल किसी विशेष धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि सत्य, प्रेम, करुणा, सेवा और आत्मबोध से जुड़ी जीवनदृष्टि है। जब मनुष्य अपने भीतर की चेतना को पहचानता है, तब उसे जीवन के प्रत्येक क्षण में एक व्यापक अर्थ दिखाई देने लगता है। प्रकृति, परिवार, समाज और समस्त जीव-जगत के प्रति उसके मन में सम्मान का भाव उत्पन्न होता है। यही वास्तविक प्रकाश है, जो कभी समाप्त नहीं होता।



रूप चतुर्दशी, छोटी दीपावली और नरक चतुर्दशी का यह पावन अवसर हमें अपने जीवन को नए सिरे से देखने और उसे बेहतर बनाने का संदेश देता है। यह केवल शरीर को सुंदर बनाने का दिन नहीं है, बल्कि आत्मा की दिव्यता को पहचानने का अवसर है। इस अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्वलित करने के साथ अपने अंतर्मन में भी ज्ञान, विवेक और सद्भाव की ज्योति जलाएं। अभ्यंग स्नान के माध्यम से तन की स्वच्छता के साथ मन की अशुद्धियों को दूर करने का संकल्प लें। नरकासुर के प्रतीकात्मक वध के साथ अपने भीतर के काम, क्रोध, लोभ, मोह, माया और अहंकार जैसे विकारों को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ें। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह दिव्य कालखंड सभी के जीवन में अंतर्बाह्य प्रकाश का प्रसार करे। अज्ञानता और अहंकार के अंधकार को भस्म कर प्रत्येक हृदय को प्रेम, करुणा, ज्ञान और सद्भाव से आलोकित करे। तन स्वस्थ रहे, मन निर्मल रहे, विचार पवित्र रहें और जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा संतोष का निरंतर संचार होता रहे। दीप की लौ की तरह हमारा जीवन भी शांत, स्थिर और प्रकाशमान हो। हमारा रूप केवल चेहरे पर नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और कर्मों में निखरे। प्रत्येक क्षण ब्रह्मचेतना की अनुभूति से आलोकित होता रहे। यही रूप चतुर्दशी की वास्तविक साधना है, यही नरक चतुर्दशी का आध्यात्मिक संदेश है और यही दीपावली के महापर्व की ओर बढ़ने का सबसे सुंदर मार्ग है। 




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top