रहस्यों से घिरी है - फुन्दूजी झील

Jitendra Kumar Sinha
0

 


दुनिया भर में अनगिनत झीलें हैं, लेकिन कुछ झीलें अपने रहस्यों के लिए आज भी जानी जाती हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिपोपो प्रांत में फुन्दूजी झील ऐसी ही एक जगह है, जो रहस्यों और लोककथाओं से घिरी है। कहा जाता है कि इस झील का पानी पीने वाला व्यक्ति जल्द ही मृत्यु को प्राप्त कर लेता है।

स्थानीय किंवदंतियों के अनुसार, प्राचीन काल में एक कोढ़ी व्यक्ति लंबा सफर तय कर, इस स्थान पर आया था। जब उसे न तो भोजन मिला, न आश्रय, तो उसने स्थानीय लोगों को श्राप दिया और झील में समा गया। उसके बाद से, इस झील को अशुभ और खतरनाक माना जाने लगा।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आज भी झील से रोने और ड्रम बजने जैसी रहस्यमयी आवाजें सुनाई देती हैं। इतना ही नहीं, झील की रक्षा एक विशालकाय अजगर द्वारा किए जाने की भी मान्यता है। इस अजगर को प्रसन्न करने के लिए वेन्दा आदिवासी हर साल एक विशेष नृत्य उत्सव का आयोजन करते हैं, जिसमें कुंवारी लड़कियाँ पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करती हैं।

फुन्दूजी झील के रहस्य को समझने के कई प्रयास किए गए, लेकिन हर बार नाकामी ही हाथ लगी। कहा जाता है कि इस झील का पानी बेहद साफ है, फिर भी इसे पीने वाला व्यक्ति जीवित नहीं बचता। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि इसमें कोई खतरनाक जहरीली गैस घुली हो सकती है, लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

1946 में एंडी लेविन नामक व्यक्ति ने इस रहस्य को जानने का प्रयास किया था। उसने झील से थोड़ा पानी और कुछ पौधे एकत्र किए, लेकिन रास्ते में भटक गया। बाद में, पानी और पौधे फेंकने के बाद भी कुछ ही दिनों में उसकी मौत हो गई। एंडी की रहस्यमयी मृत्यु ने इस झील के डर और रहस्य को और भी गहरा कर दिया।

आज तक वैज्ञानिक या स्थानीय लोग, यह नहीं जान पाए हैं कि आखिर फुन्दूजी झील में ऐसा क्या है, जो मौत का कारण बनता है। फुन्दूजी झील रहस्यों, लोककथाओं और डर का ऐसा संगम है, जिसने इंसानी जिज्ञासा को अभी तक अधूरा ही छोड़ रखा है।

——————-


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top