पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। क्या केन्द्र सरकार के आदेश के बाद सीमा हैदर भी वापस जाएगी? सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें वापस पाकिस्तान भेजने की मांग कर रहे हैं। अब वापस पाकिस्तान भेजने वाले लोगों में सीमा हैदर के रहे वकील हेमंत परासर भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने भी सीमा हैदर को पाकिस्तान भेजने की मांग कर दिया है। इसी के साथ उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहलगाम हमले के बाद जिस तरह कार्रवाई कर रहे हैं, उसके हिसाब से सीमा हैदर को जल्द ही पाकिस्तान भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, सीमा हैदर और सचिन मीणा की जमानत कराने वाले वकील रहे हेमंत परासर ने टीवी 9 से बातचीत में कहा है कि पाकिस्तान हमारा दुश्मन देश है और सीमा हैदर भी उसी दुश्मन देश की नागरिक है। वह अवैध तरीके से यहां रह रही है। इसलिए उसे तुरंत यहां से डिपोर्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर सीमा हैदर मां भी बन गई है तो भी उसे डिपोर्ट करने में कोई परेशानी नहीं होगी। अगर सरकार चाहे तो सीमा के खिलाफ चल रहे मुकदमे को स्थगित कर डिपोर्ट किया जा सकता है।
वकील हेमंत परासर ने कहा है कि पहले कोई महिला पाकिस्तान से आकर भारत में अगर मां बन जाती थी तो उसे यहां की नागरिकता मिल जाती थी, लेकिन अब वह कानून खत्म हो चुका है इसलिए सीमा हैदर को भारत की नागरिकता कतई नहीं मिलेगी।
————————