भारत पहली बार एक वैश्विक खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है, जो न केवल खेल की भावना को दर्शाएगा, बल्कि साहस, सेवा और समर्पण के प्रतीकों को भी मंच प्रदान करेगा। वर्ष 2029 में विश्व पुलिस और फायर खेल (World Police and Fire Games) का आयोजन गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर (केवडिया) में किया जाएगा। यह अवसर भारत के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि 1985 में इन खेलों की शुरुआत के बाद भारत पहला दक्षिण एशियाई देश होगा जो इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करेगा।
विश्व पुलिस और फायर खेलों में पुलिस, अग्निशमन, सीमा शुल्क (कस्टम) और सुधार सेवाओं से जुड़े अधिकारी हिस्सा लेते हैं। अनुमान है कि 2029 के आयोजन में 70 देशों से 10,000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। यह खेल आयोजन न केवल उनकी फिजिकल फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रदर्शित करेगा, बल्कि अलग-अलग देशों की सुरक्षा सेवाओं के बीच सौहार्द और सहयोग को भी बढ़ाएगा।
अहमदाबाद- आधुनिक सुविधाओं और खेल परिसर के साथ यह शहर आयोजन का प्रमुख केंद्र बनेगा। गांधीनगर- राज्य की राजधानी होने के साथ-साथ यह शहर सुरक्षा एजेंसियों का प्रशासनिक केंद्र है। एकता नगर (केवडिया)- स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए प्रसिद्ध यह स्थल खेलों में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भारतीय विरासत का परिचय देगा।
इन खेलों के माध्यम से भारत यह संदेश भी देगा कि सेवा और सुरक्षा में लगे अधिकारी भी उत्कृष्ट खिलाड़ी हो सकते हैं। यह खेल विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे तैराकी, मैराथन, कुश्ती, निशानेबाजी, भारोत्तोलन, मुक्केबाज़ी, और यहां तक कि फायरमैन चैलेंज जैसे विशेष आयोजनों का समावेश करता हैं।
इस आयोजन से भारत की खेल कूटनीति को नई दिशा मिलेगी। गुजरात सरकार और केंद्र सरकार इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। यह आयोजन विदेशी खिलाड़ियों के लिए भारतीय संस्कृति, अतिथि सत्कार और विविधता को जानने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।