‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला के निधन की खबर ने पूरे मनोरंजन जगत को सदमे में डाल दिया है। 42 वर्षीय शेफाली का 27 जून की रात कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) के कारण निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अंधेरी स्थित बेलव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनका दिल धड़कना बंद हो चुका था और डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके पति पराग त्यागी और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनकी मां भी अस्पताल में मौजूद थीं और बेसुध होकर रोती रहीं। उनके शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है और मौत की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी, हालांकि प्रारंभिक जानकारी में कार्डियक अरेस्ट ही कारण बताया जा रहा है।
शेफाली जरीवाला ने 2002 में आए म्यूजिक वीडियो 'कांटा लगा' से रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने 'नच बलिए', 'बूगी वूगी', और 'बिग बॉस 13' जैसे कई बड़े रियलिटी शोज़ में हिस्सा लिया। वह लंबे समय से इंडस्ट्री का हिस्सा थीं और अभिनय के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय थीं। फैंस उन्हें उनकी स्टाइल, आत्मविश्वास और डांसिंग स्किल्स के लिए याद करते हैं।
उनकी अचानक हुई मौत ने ना केवल उनके परिवार, बल्कि उनके चाहने वालों और इंडस्ट्री को भी झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस और साथी कलाकार उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक हंसता-खेलता चेहरा, जो लोगों की यादों में एक झलक बनकर हमेशा जीवित रहेगा।