रेल यात्रियों की सुविधा और स्टेशनों के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत दानापुर मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्य शुरू हो चुका है। इस प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाने का निर्णय लिया गया है। यह पहल विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए की गई है।
सूत्रों के अनुसार, पहले चरण में पाटलिपुत्र जंक्शन, आरा, जहानाबाद, राजगीर, बिहारशरीफ, जमुई और एक अन्य स्टेशन को चयनित किया गया है, जहां सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। इन स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण निर्माण कार्य के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखना और उन्हें सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
रेलवे द्वारा प्रस्तावित होल्डिंग एरिया को यात्रियों की जरूरतों के अनुसार, डिजाइन किया गया है। इनमें कंप्यूटर आधारित उद्घोषणा प्रणाली लगाई जाएगी, जो यात्रियों को लगातार ट्रेन के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देती रहेगी। इसके अतिरिक्त अस्थायी टॉयलेट, पेयजल की व्यवस्था और बैठने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह सभी इंतज़ाम यह सुनिश्चित करेगा कि पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दानापुर मंडल के जिन 14 स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए चुना गया है, उनमें शामिल हैं, पाटलिपुत्र जंक्शन, आरा, बिहिया, रघुनाथपुर, डुमरांव, दिलदारनगर, जमुई, जहानाबाद, राजगीर, बिहारशरीफ, फतुहा, बाढ़, बख्तियारपुर और तारेगना। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को आधुनिक रूप दिया जायेगा, जिसमें स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, बेहतर वेटिंग हॉल, फूड कोर्ट, एस्केलेटर, डिजिटल सूचना प्रणाली और हरित तकनीक का समावेश होगा।
इनमें से आरा, राजगीर, जहानाबाद और बिहारशरीफ जैसे स्टेशनों पर कार्य ने पहले से ही रफ्तार पकड़ ली है। जल्द ही अन्य स्टेशनों पर भी काम शुरू हो जाएगा। रेलवे का यह प्रयास न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि बिहार के इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास को भी नया आयाम देगा।
दानापुर मंडल में रेलवे स्टेशनों का यह कायाकल्प न सिर्फ यात्री अनुभव को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति देगा। होल्डिंग एरिया की सुविधा यह सुनिश्चित करेगी कि पुनर्विकास की प्रक्रिया में आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, और वे सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव ले सकें। यह पहल रेलवे के यात्री-केन्द्रित दृष्टिकोण को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
