एकाग्रता ही है सफलता की कुंजी

Jitendra Kumar Sinha
0

 




जीवन में सफलता हर किसी का सपना होता है। लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि कोशिशें करने के बावजूद सफलता दूर रहती है। ऐसा क्यों होता है? इसका उत्तर महात्मा गौतम बुद्ध की शिक्षाओं और उनकी कहानियों से मिलता है। बुद्ध ने जीवन को सरल शब्दों में समझाया और बताया कि सफलता पाने के लिए प्रयासों की दिशा और एकाग्रता सबसे महत्वपूर्ण 

सफलता एक ऐसा शब्द है जो हर किसी को अपनी ओर खींचता है। विद्यार्थी पढ़ाई में सफलता चाहता है, व्यापारी व्यवसाय में, किसान खेती में, कलाकार अपनी कला में और साधक अपने साधना मार्ग पर। लेकिन वास्तविकता यह है कि सफलता हर किसी को नहीं मिलती। बहुत से लोग बीच रास्ते में थककर हार मान जाते हैं। कारण यह नहीं कि उनमें मेहनत की कमी होती है, बल्कि कारण होता है, मेहनत की सही दिशा का अभाव।

एक बार की बात है। महात्मा बुद्ध अपने शिष्यों के साथ एक गाँव से गुजर रहे थे। उस गाँव में पानी की भारी समस्या थी। लोग पानी के लिए दूर नदी तक जाते थे। गाँव के बाहर एक मैदान में छोटे-छोटे बहुत से गड्ढे खुदे हुए थे। यह देखकर एक भिक्षु ने बुद्ध से पूछा, “भगवन, इन गड्ढों का क्या रहस्य है?”

बुद्ध मुस्कुराए और बोले, “गाँव वालों ने पानी की खोज में ये गड्ढे खोदे हैं।”

भिक्षु ने उन गड्ढों में जाकर पानी खोजने की कोशिश की लेकिन एक बूंद भी नहीं मिली। उसने आश्चर्य से कहा, “इन गड्ढों में तो पानी है ही नहीं!”

बुद्ध ने शांति से उत्तर दिया, “पानी तो है, लेकिन गाँव वालों ने सही दिशा में प्रयास नहीं किया। वे एक जगह गहराई तक गड्ढा खोदने के बजाय अलग-अलग जगह उथले गड्ढे खोदते रहे। यदि वे एक ही स्थान पर लगातार खोदते, तो निश्चित ही पानी तक पहुँच जाते।”

भिक्षु यह सुनकर मौन हो गया। उसने समझ लिया कि यही कारण है कि लोग अपने प्रयासों के बावजूद असफल होते हैं।

इस कहानी से यह शिक्षा मिलती है कि जीवन में सफलता पाने के लिए मन को एकाग्र करना आवश्यक है। यदि एक ही लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करके निरंतर प्रयास करें, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमेगी। लेकिन यदि मन हर समय भटकता रहे, तो चाहे जितना भी परिश्रम करें, सफलता हाथ नहीं लगती।

कई बार सोचते हैं कि मेहनत तो बहुत कर रहे हैं, लेकिन परिणाम क्यों नहीं मिल रहा है? इसके कई कारण होते हैं- मेहनत सही जगह और सही तरीके से न होना। तुरंत परिणाम की चाह में हम बार-बार कार्य बदल देते हैं। एक ही समय में कई लक्ष्यों पर ध्यान लगाने से शक्ति बिखर जाती है। सफलता अनुशासित प्रयास चाहती है। कई लोग कठिनाइयों को देखकर पीछे हट जाता है।

बुद्ध ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से कई ऐसे सूत्र दिए हैं जो आज भी सफलता की राह दिखाता हैं। सही दृष्टिकोण अपनाना ही सफलता का पहला कदम है। मन को स्पष्ट लक्ष्य की ओर मोड़ना। दिशा में केंद्रित होकर लगातार मेहनत करना। हर क्षण सजग रहना और ध्यानपूर्वक काम करना। मन को भटकने से रोककर एक लक्ष्य पर केंद्रित करना।

आज की भागदौड़ भरी जिन्दगी में लोग सफलता पाने के लिए कई दिशाओं में प्रयास करते हैं। कभी नई नौकरी, कभी नया व्यापार, कभी नई योजना। लेकिन परिणाम अक्सर निराशाजनक ही रहता है। इसका कारण वही है जो बुद्ध ने बताया, उथले गड्ढे खोदना। सफलता पाने के लिए अपनी ऊर्जा और समय को एक ही दिशा में लगाना होगा।

किसी भी क्षेत्र में सफलता का पहला नियम है, स्पष्ट लक्ष्य तय करना। यदि यह पता ही नहीं है कि कहाँ जाना चाहते हैं, तो रास्ता कैसे तय करेंगे? बुद्ध ने यही सिखाया है कि लक्ष्य स्पष्ट होगा, तो रास्ता भी स्पष्ट दिखाई देगा।

बुद्ध की शिक्षा का मूल है ध्यान (Meditation)। ध्यान का सीधा संबंध एकाग्रता से है। यदि मन एकाग्र नहीं है तो सफलता असंभव है। एकाग्रता ही वह शक्ति है जो साधारण मनुष्य को असाधारण बना देता है।

यदि विद्यार्थी कई विषयों पर सतही अध्ययन करेगा तो परिणाम खराब आएगा। लेकिन यदि वह एकाग्र होकर योजनाबद्ध ढंग से पढ़ेगा तो सफलता अवश्य मिलेगी। व्यापारी अगर बार-बार व्यापार बदलता रहेगा तो असफल होगा। लेकिन यदि धैर्यपूर्वक एक व्यापार में स्थिर रहकर मेहनत करेगा तो सफलता पाएगा। साधक अगर बार-बार गुरु, साधना या मार्ग बदलता रहेगा तो उसे शांति नहीं मिलेगी। लेकिन यदि वह दृढ़ता से एक मार्ग पर डटा रहेगा तो लक्ष्य तक पहुँचेगा।

बुद्ध ने कहा है कि "असफलता से डरना नहीं चाहिए।" असफलता  सिखाती है कि कहाँ गलती हुई और अगली बार क्या सुधार करना चाहिए। यदि असफलता को गुरु मान लें, तो वही सफलता तक ले जाती है।

गौतम बुद्ध की यह कहानी यह सिखाती है कि असफलता का कारण प्रयासों की कमी नहीं, बल्कि सही दिशा और एकाग्रता की कमी होती है। सफलता पाने के लिए जरूरी है कि अपने मन को स्थिर करके एक ही लक्ष्य की ओर पूरी शक्ति से प्रयास करें। यदि गाँव के लोग एक ही गड्ढा गहरा खोदते तो पानी मिल जाता, ठीक उसी प्रकार यदि एक ही दिशा में निरंतर मेहनत करें तो सफलता निश्चित ही मिलेगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top