पक्षियों की दुनिया रंगों, ध्वनियों और अनोखे व्यवहार से भरी होती है। इनमें कुछ पक्षी अपनी सुंदरता से आकर्षित करते हैं तो कुछ अपनी बुद्धिमानी और चालाकी से। इन्हीं में से एक है “केआ (Kea)”, जिसे दुनिया का सबसे होशियार तोता माना जाता है। न्यूजीलैंड के पहाड़ी और बर्फीले इलाकों में पाया जाने वाला यह पक्षी न केवल अपनी चतुराई बल्कि अपने खेल-खेल में किए जाने वाले कामों की वजह से भी मशहूर है।
“केआ” की लंबाई लगभग 46 से 50 सेंटीमीटर और वजन करीब 800 से 1000 ग्राम तक होता है। इसका शरीर हरे और भूरे रंग के मिश्रण से ढका होता है, जो पहाड़ी इलाकों में इसे छिपने में मदद करता है। लेकिन जैसे ही यह अपने पंख फैलाता है, अंदर से नारंगी और नीले रंग की खूबसूरत छटा झलकने लगती है। इसकी लंबी, मुड़ी हुई और मजबूत चोंच इसे खास बनाती है। इसी चोंच की मदद से यह पेड़ की छाल उखाड़ सकता है, कठोर चीजों को तोड़ सकता है और यहां तक कि इंसानी चीजों से भी खेल सकता है।
“केआ” को “जीनियस तोता” कहना गलत नहीं होगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसकी स्मरण शक्ति बेहद तेज होती है। यह पहले सीखी हुई चीजों को लंबे समय तक याद रख सकता है और जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग भी करता है। कई बार इसे पहाड़ों पर बिखरे सामान से खिलौना बनाते, गाड़ियों के शीशे से रबर निकालते और जिप खोलते देखा गया है। यह तोता अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के कारण हर चीज को परखना चाहता है। यही वजह है कि न्यूजीलैंड के लोग इसे अक्सर अपनी कारों, टेंट या बैग्स के पास शरारतें करते हुए देखते हैं।
“केआ” अत्यंत सामाजिक पक्षी है। यह झुंड में रहना पसंद करता है और समूह में खेलना इसकी आदत है। मादा तोता हर दो साल में 2 से 4 अंडे देती है। अंडों से निकले बच्चे करीब तीन महीने तक मां के साथ रहते हैं और धीरे-धीरे उड़ान तथा भोजन जुटाने की कला सीखते हैं।
“केआ” की उड़ान भी इसकी विशेषताओं में गिनी जाती है। यह ऊँचे बर्फीले पहाड़ों के बीच तेजी से उड़ सकता है और कठिन इलाकों में भी आसानी से अपना रास्ता बना लेता है। इसकी यही क्षमता इसे अन्य पक्षियों से अलग पहचान दिलाती है।
“केआ” आज विलुप्ति के कगार पर खड़ा है। इंसानी गतिविधियों और पर्यावरणीय बदलावों ने इसके अस्तित्व को खतरे में डाल दिया है। न्यूजीलैंड सरकार और संरक्षण संस्थाएं इसके बचाव और सुरक्षा के लिए कई प्रयास कर रही हैं।
“केआ” सिर्फ एक पक्षी नहीं है बल्कि प्रकृति की अद्भुत देन है। इसकी बुद्धिमानी, खेल-खिलंदड़ स्वभाव और चमकदार पंख इसे अनोखा बनाता है। पहाड़ों का यह शरारती जीनियस दुनिया को यह संदेश देता है कि असली सुंदरता केवल रूप में नहीं, बल्कि दिमाग और स्वभाव में भी होता है।
