पटना में खुलेगा ‘पिंक मार्केट’ - महिलाओं की जरूरतों का “वन-स्टॉप डेस्टिनेशन”

Jitendra Kumar Sinha
0



पटना शहर में महिलाओं के लिए एक खास तोहफा मिलने जा रहा है। कदमकुआं स्थित वेंडिंग जोन की पहली मंजिल को अब विशेष रूप से महिलाओं के लिए विकसित किया जा रहा है, जिसे ‘पिंक मार्केट’ नाम दिया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से जुड़ी हर तरह की सामग्री को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है, ताकि खरीदारी के लिए उन्हें अलग-अलग जगह भटकना न पड़े।

अभी तक इस दो मंजिला वेंडिंग जोन के ग्राउंड फ्लोर पर फलों और सब्जियों की दुकानें चलती हैं, जबकि पहली मंजिल खाली पड़ी थी। अब नगर निगम और स्थानीय पार्षद की पहल से यहां लगभग 100 से अधिक दुकान लगाने की योजना बनाई गई है। इन दुकानों में केवल महिलाओं की जरूरत और उपयोग से जुड़ी चीजें मिलेगी, जैसे चूड़ी, कॉस्मेटिक्स, साड़ी, कपड़े, आभूषण, हैंडबैग, गृह सजावट सामग्री, मेकअप प्रोडक्ट्स और अन्य महिला-उन्मुख उत्पाद।

वार्ड नंबर 38 के पार्षद आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि ' पिंक मार्केट' में दुकानदार महिलाएं भी होगी और पुरुष भी, लेकिन यहां बेचा जाने वाला सामान केवल महिलाओं के उपयोग का होगा। ठीक वैसे ही जैसे चूड़ी मार्केट में सभी दुकानें महिलाओं की पसंद और जरूरत के सामान से भरी रहती हैं।

'पिंक मार्केट' केवल खरीदारी का स्थान नहीं होगा, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक अहम कदम साबित होगा। यहां महिला उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे उन्हें अपना कारोबार शुरू करने या विस्तार करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

जब एक ही जगह पर महिलाओं से जुड़ी सारी चीजें मिल जाएं, तो खरीदारी का अनुभव न केवल आसान बल्कि आनंददायक भी हो जाता है। इस बाजार में अलग-अलग श्रेणियों के उत्पाद व्यवस्थित तरीके से रखे जाएंगे, ताकि खरीदार आसानी से अपनी पसंद का सामान चुन सकें।

ऐसे विशेष बाजार न केवल खरीदारों के लिए सुविधाजनक होते हैं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और निर्माताओं के लिए भी लाभदायक साबित होते हैं। 'पिंक मार्केट' के माध्यम से स्थानीय स्तर पर बने प्रोडक्ट्स को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नगर निगम की तैयारी जोरों पर है और उम्मीद है कि जल्द ही यह 'पिंक मार्केट' पटना की पहचान बन जाएगा। इसकी रंगीन और जीवंत सजावट, व्यवस्थित दुकानें और महिलाओं के लिए अनुकूल माहौल इसे शहरवासियों के बीच लोकप्रिय बना देगा।

कदमकुआं वेंडिंग जोन की पहली मंजिल पर बनने वाला 'पिंक मार्केट' महिलाओं के लिए एक सुविधाजनक, सुरक्षित और खास खरीदारी स्थल होगा। यह न केवल खरीदारी को आसान बनाएगा, बल्कि महिला उद्यमिता और स्थानीय व्यवसाय को भी नई ऊर्जा देगा। 

 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top