छलावरण का अद्भुत उस्ताद - “पोटू पक्षी”

Jitendra Kumar Sinha
0

 



प्रकृति ने अपने हर जीव को किसी न किसी विशेषता से नवाज़ा है। कोई अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, तो कोई अपनी आवाज़ या उड़ान के लिए। लेकिन कुछ ऐसे भी पक्षी हैं जो अपनी अनोखी आदतों और छिपने की कला के लिए जाने जाते हैं। उन्हीं में से एक है “पोटू पक्षी (Potoo Bird)”, जो सेंट्रल और साउथ अमरीका के जंगलों में पाया जाता है।

“पोटू पक्षी” देखने में उल्लू से मिलता-जुलता है। इसकी बड़ी-बड़ी गोल आंखें और चौड़ी चोंच इसकी सबसे खास पहचान है। इसका रंग हल्का भूरा या धूसर होता है, जिस पर पेड़ की छाल जैसी धारियां और धब्बे बने होते हैं। यही वजह है कि यह आसानी से पेड़ों की सूखी डाल या ठूंठ में घुलमिल जाता है।

“पोटू पक्षी” दिन के समय उड़ान नहीं भरता। यह किसी पेड़ की सूखी डाल पर बैठकर बिलकुल स्थिर हो जाता है। दूर से देखने पर यह लकड़ी का ही हिस्सा लगता है और शिकारी इसे पहचान ही नहीं पाते। इस अद्भुत छलावरण की वजह से इसे छिपने का माहिर पक्षी कहा जाता है। रात होते ही पोटू सक्रिय हो जाता है। अपनी बड़ी आंखों की मदद से यह अंधेरे में भी आसानी से देख सकता है और कीड़े-मकोड़े पकड़कर खाता है।

“पोटू पक्षी” अपनी रहस्यमयी आदतों के लिए भी प्रसिद्ध है। यह बहुत कम आवाज़ करता है और अगर करता भी है तो उसकी ध्वनि दूर से डरावनी सी लगती है। यही कारण है कि कई स्थानीय लोग इसे रहस्यमयी या अलौकिक पक्षी मानते हैं।

जहां अधिकतर पक्षी शाखाओं पर घोंसले बनाते हैं, वहीं “पोटू पक्षी” किसी पेड़ की दरार या ठूंठ में अंडा देता है। उसकी सावधानी इतनी गजब की होती है कि अंडा भी टहनी का हिस्सा लगता है। इस कारण इसके बच्चे भी सुरक्षित रहते हैं।

“पोटू पक्षी” की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यह अपने आसपास के वातावरण में पूरी तरह घुल-मिल जाता है। पक्षी विशेषज्ञ मानते हैं कि इसकी यह क्षमता "नेचर का कमाल" है, जो इसे जीवित रहने में मदद करती है।

“पोटू पक्षी” सिखाता है कि प्रकृति के हर जीव के पास अपनी अलग ताकत होती है। कोई अपनी ताकत से जीतता है, तो कोई अपनी बुद्धिमानी और कला से। “पोटू पक्षी” अपनी छिपने की कला के कारण प्रकृति का अद्भुत चमत्कार माना जाता है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top