इटली का रंग-बिरंगा तटीय गांव - “रियोमाज्जोरे”

Jitendra Kumar Sinha
0




इटली के उत्तर-पश्चिमी लिग्यूरिया क्षेत्र में स्थित “रियोमाज्जोरे (Riomaggiore)” ऐसा तटीय गांव है जो मानो किसी चित्रकार की कैनवास पर उतरी हुई खूबसूरत पेंटिंग हो। यह चिन्क्यू टेरे (Cinque Terre) के पांच गांवों में से एक है और अपनी रंगीन इमारतों, संकरी गलियों, रोमांटिक पैदल मार्गों और अद्भुत समुद्री दृश्यों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है।

“रियोमाज्जोरे” की कहानी 13वीं शताब्दी की शुरुआत से शुरू होती है, जब यहां पहली बार बसावट हुई। प्राचीन काल में यह एक मछुआरों का गांव था, जहां लोग समुद्र से अपनी आजीविका कमाते थे। समय के साथ यहां के लोग पहाड़ों की ढलानों पर अंगूर की खेती और ऑलिव के पेड़ों का रोपण भी करने लगे। यह परंपरा आज भी जीवित है और गांव की असली पहचान बन चुका है।

गांव की खास पहचान इसके टॉवरनुमा रंग-बिरंगे मकान हैं, जो चट्टानों पर बने हुए हैं और नीचे से ऊपर तक सीढ़ियों जैसी पंक्ति में नजर आता है। यह इमारत न केवल सुंदर हैं, बल्कि समुद्री हवाओं और तूफानों से बचाने के लिए खास तरीके से बनाई गई हैं।

“रियोमाज्जोरे” का मुख्य मार्ग विया कोलंबो है, जो यहां के जीवन का केंद्र है। इस सड़क पर पैदल चलते हुए दोनों ओर छोटे-छोटे कैफे, रेस्तरां और दुकानों की पंक्तियां दिखती हैं। यहां ताजी समुद्री मछली के व्यंजन, स्थानीय वाइन और इटालियन पेस्ट्री का स्वाद पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

गांव का छोटा सा किनारा और मछली पकड़ने का घाट स्थानीय जीवन का असली अनुभव कराता है। यहां सुबह-सुबह मछुआरों की नावें समुद्र में निकलती हैं और शाम को रंगीन जालों के साथ लौटती हैं। इस जगह से भूमध्यसागर का नीला पानी और आसपास की पहाड़ियों का दृश्य मानो किसी पोस्टकार्ड की तरह लगता है।

“रियोमाज्जोरे” की सबसे मशहूर खासियत है विया देल्ल' अमोर (Via dell'Amore) यानी "प्रेम का मार्ग"। यह एक सुंदर पैदल रास्ता है जो “रियोमाज्जोरे” को पड़ोसी गांव मनारोला से जोड़ता है। समुद्र के किनारे-किनारे बना यह मार्ग रोमांटिक जोड़ों के बीच बेहद लोकप्रिय है, जहां चलते-चलते लहरों की आवाज और ठंडी हवा का अहसास किसी सपने जैसा लगता है।

“रियोमाज्जोरे” और इसके आसपास का क्षेत्र इतालवी सरकार द्वारा राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया है। यहां समुद्र और पहाड़ों का अद्वितीय संगम, हरे-भरे अंगूर के बागान और वन्य जीवन इस जगह को एक प्राकृतिक खजाना बनाता है।

“रियोमाज्जोरे” में आकर पर्यटक हाइकिंग ट्रेल्स, बोट टूर, सीफूड डाइनिंग, और सनसेट व्यू प्वाइंट्स का आनंद ले सकते हैं। यहां की शामें खासकर अद्भुत होती हैं, जब सूरज समुद्र में डूबता है और गांव की रंगीन इमारतें सुनहरी रोशनी में चमक उठती हैं।

“रियोमाज्जोरे” सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि इटली की संस्कृति, प्रकृति और इतिहास का जीवंत संगम है। यहां आकर हर यात्री को लगता है कि वह किसी दूसरे ही युग में पहुंच गया है, जहां समय ठहर सा गया हो और सिर्फ सुंदरता बोलती हो।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top