समुद्र की गहराइयों में अनगिनत अद्भुत और रहस्यमयी जीव पाए जाते हैं। इनमें से कुछ अपनी सुंदरता से मोह लेते हैं, तो कुछ अपने खतरनाक स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं। इन्हीं जीवों में शामिल है “ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस (Blue-Ringed Octopus)” एक ऐसा समुद्री जीव, जो देखने में तो बेहद आकर्षक है, लेकिन इसके पास इतना घातक जहर है कि मिनटों में इंसान की जान ले सकता है।
“ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” का आकार हथेली जितना छोटा होता है। इसकी लंबाई लगभग 12 से 20 सेंटीमीटर तक होती है। आकार में छोटा होने के बावजूद यह समुद्री दुनिया का सबसे जहरीला जीव माना जाता है। इसके शरीर पर चमकदार नीले छल्ले बने होते हैं, जो इसे बेहद खूबसूरत और अनोखा बनाते हैं।
यह खतरनाक “ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया, जापान और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में पाया जाता है। यह उथले पानी, कोरल रीफ और ज्वार-भाटा वाले तटीय इलाकों में छिपा रहता है। अक्सर यह रेत, पत्थरों और समुद्री पौधों के बीच घुलमिल जाता है, जिससे इसे पहचान पाना आसान नहीं होता है।
“ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” का जहर इतना घातक होता है कि यह मनुष्य को कुछ ही मिनटों में मौत की नींद सुला सकता है। इसके शरीर में मौजूद टॉक्सिन टेट्रोडोटॉक्सिन (Tetrodotoxin) नसों पर सीधा असर डालता है। यह जहर मांसपेशियों को पंगु बना देता है, जिससे पीड़ित सांस नहीं ले पाता और मृत्यु हो जाती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसके शरीर में मौजूद जहर से 20 से अधिक लोगों की जान एक साथ जा सकती है।
सामान्य स्थिति में “ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” का रंग हल्का पीला या भूरा होता है। लेकिन जब यह खतरा महसूस करता है या खुद को बचाने के लिए तैयार होता है, तो इसके नीले छल्ले चमकने लगते हैं। यही संकेत है कि यह हमला करने वाला है।
“ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करता है। यह तभी काटता है जब इसे छेड़ा जाए या उसे खतरा महसूस हो। समुद्र तट पर घूमने वाले लोग अक्सर इसकी सुंदरता देखकर इसे छूने की कोशिश करते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है।
“ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” के जहर का कोई एंटीवेनम (Antivenom) उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इसका शिकार होने पर तुरंत कृत्रिम सांस (CPR) देकर पीड़ित को अस्पताल ले जाना ही जीवन बचाने का तरीका है। यही कारण है कि समुद्र किनारे घूमते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए।
“ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस” प्रकृति का एक अद्भुत लेकिन खतरनाक चमत्कार है। इसका छोटा-सा शरीर और खूबसूरत छल्ले भले ही आकर्षक लगे, लेकिन इसके पीछे मौत छिपी होती है। यह सिखाता है कि प्रकृति की सुंदरता को केवल दूर से निहारना ही समझदारी है, उसे छेड़ना नहीं।
