आने वाली 07 सितंबर की रात आसमान एक अद्भुत खगोलीय दृश्य का गवाह बनने जा रहा है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को पूरे भारत में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि यह ग्रहण न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा।
इस खगोलीय घटना की शुरुआत 7 सितंबर की रात 9.57 बजे होगी और यह अगले दिन यानि 8 सितंबर की रात 1.27 बजे खत्म होगी। ग्रहण की कुल अवधि लगभग साढ़े तीन घंटे की होगी। पूर्ण चंद्र ग्रहण का सबसे खास पल रात 11 बजे से शुरू होगा और 12.23 बजे तक चलेगा। इस दौरान चांद पूरी तरह पृथ्वी की छाया में होगा और लालिमा लिए हुए दिखाई देगा।
यह घटना इसलिए भी खास है क्योंकि यह वर्ष 2025 का आखिरी चंद्र ग्रहण है। इससे पहले 28 अक्तूबर 2023 को भारत में आंशिक चंद्र ग्रहण देखा गया था। अगली बार पूर्ण चंद्र ग्रहण का आनंद लेने के लिए लोगों को 3 मार्च 2026 तक इंतजार करना पड़ेगा।
पूर्ण चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा को पूरी तरह ढक लेती है। इस दौरान चंद्रमा लाल या तांबे के रंग का दिखाई देता है, जिसे अक्सर "ब्लड मून" कहा जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह दृश्य खगोल प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए बेहद खास अवसर है क्योंकि यह उन्हें पृथ्वी के वायुमंडल और प्रकाश के अपवर्तन का अध्ययन करने का मौका देता है।
भारतीय परंपरा में चंद्र ग्रहण को लेकर कई मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। कई लोग इस दौरान उपवास रखते हैं या विशेष पूजा-पाठ करते हैं। शास्त्रों में ग्रहण के समय भोजन न करने और स्नान-दान करने की सलाह दी जाती है। हालांकि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से यह एक प्राकृतिक घटना है और इससे डरने की कोई आवश्यकता नहीं है।
