सीमांचल को मिला तोहफा - 26 से शुरू होगा पूर्णिया-दिल्ली हवाई सेवा

Jitendra Kumar Sinha
0

 





सीमांचल क्षेत्र की जनता के लिए लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है। 26 अक्टूबर से पूर्णिया और दिल्ली के बीच प्रतिदिन हवाई सेवा की शुरुआत होगी। यह पहल न केवल इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर डीपी गुप्ता ने इस सेवा की औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की एयरबस रोजाना उड़ान भरेगी और टिकट की बुकिंग शुक्रवार से ही शुरू हो चुकी है।

बिहार में छठ महापर्व का महत्व सर्वविदित है। इस पर्व पर लाखों की संख्या में लोग अपने घरों को लौटते हैं। दिल्ली और अन्य महानगरों से बिहार आने वाले प्रवासी मजदूरों और कामकाजी वर्ग के लिए यह सेवा किसी तोहफे से कम नहीं है। विशेषकर सीमांचल के लोगों को अब पटना या बागडोगरा जाकर फ्लाइट पकड़ने की मजबूरी नहीं होगी। सीधे पूर्णिया से दिल्ली के लिए हवाई सफर उपलब्ध होना समय और धन दोनों की बचत करेगा।

पूर्णिया से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा। सीमांचल क्षेत्र को अब तक सड़क और रेल मार्ग पर ही निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उद्योग-व्यापार के विस्तार में बाधा आता था। अब व्यापारी वर्ग आसानी से दिल्ली जाकर अपने कारोबार को बढ़ा सकेंगे। साथ ही, दिल्ली से आने वाले निवेशक और उद्यमी भी सीमांचल क्षेत्र की संभावनाओं का लाभ उठा पाएंगे।

सीमांचल क्षेत्र के छात्र बड़ी संख्या में उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली और अन्य महानगरों का रुख करते हैं। अब उन्हें लंबी और थकाऊ रेल यात्राओं से मुक्ति मिलेगी। हवाई सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों का समय बचेगा और वे तेजी से अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। इसी तरह, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिल्ली पर निर्भर रहने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी यह हवाई सेवा वरदान साबित होगा। गंभीर रोगियों को दिल्ली के बड़े अस्पतालों तक जल्दी पहुंचाने में यह सुविधा मददगार होगा।

पूर्णिया और इसके आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है। हवाई सेवा के माध्यम से देश के अन्य हिस्सों से पर्यटक भी यहां आ सकेंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, सीमांचल और दिल्ली के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव और भी मजबूत होगा।

पूर्णिया-दिल्ली हवाई सेवा की शुरुआत सीमांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। यह केवल परिवहन की सुविधा भर नहीं है, बल्कि विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को नया आयाम देने वाली पहल है। छठ पर्व से ठीक पहले इस सेवा का मिलना यहां की जनता के लिए दोगुनी खुशी का कारण बना है। उम्मीद है कि भविष्य में पूर्णिया से अन्य महानगरों तक भी हवाई सेवाएं शुरू होगी, जिससे सीमांचल क्षेत्र विकास की नई उड़ान भरेगा।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top