रहस्यमयी जंगल, वैम्पायर कबीला और इंसानियत की कहानी है - फिल्म ‘थामा’

Jitendra Kumar Sinha
0




थिएटर में दर्शकों को चौंकाने के बाद ‘थामा’ अब ओटीटी पर दस्तक दे चुका है। रहस्य, थ्रिल और हॉरर के नए मिश्रण के साथ आने वाली यह फिल्म भारतीय सिनेमा के उस अलग जोन को छूती है, जिसे अभी तक बहुत कम तलाशा गया है। निर्देशक आदित्य सरपोतदार ने इस कहानी को आधुनिक तकनीक, दिलचस्प विजुअल्स और दमदार एक्टिंग के सहारे एक नई ऊंचाई देने की कोशिश की है।

फिल्म की कहानी शुरू होती है टीवी रिपोर्टर आलोक गोयल (आयुष्मान खुराना) से, जो जंगल में एक कवरेज के दौरान भालू के हमले का शिकार हो जाता है। मौत बिल्कुल सामने दिख रही होती है, तभी अचानक एक रहस्यमयी औरत उसे बचाती है “ताड़का” (रश्मिका मंदाना)। लेकिन यह कोई साधारण महिला नहीं है, बल्कि एक “बेताल/वैम्पायर” है, जिसके पीछे एक पूरा वैम्पायर कबीला लगा हुआ है। इस कबीले का सरगना है डरावना, बेतहाशा क्रूर और रहस्यों से भरा यक्षसन, जिसे निभाया है नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने। यक्षसन का किरदार कहानी में जितना खतरनाक है, उतना ही आकर्षक भी।

सबसे रोचक मोड़ यहाँ आता है कि आखिर एक वैम्पायर इंसान को क्यों बचाना चाहती है? क्या आलोक उसके लिए कोई खास मायने रखता है? या फिर इसके पीछे कोई पुरानी दास्तां छिपी है?

कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, यह रहस्य और गहरा होता जाता है। आलोक को न सिर्फ जंगल और कबीले से बचना है, बल्कि उसे सच भी जानना है। यक्षसन से उसका आमना-सामना कहानी में एड्रेनालिन बढ़ा देता है। फिल्म में इंसानियत, वफादारी और सही एव गलत की जद्दोजहद बहुत खूबसूरती से उभरकर सामने आती है।

आयुष्मान खुराना हमेशा की तरह पूरी ईमानदारी से अपने किरदार में ढल जाते हैं। एक आम पत्रकार से लेकर असाधारण परिस्थितियों में फंसे इंसान तक, उन्होंने हर भाव को बखूबी निभाया है। रश्मिका मंदाना का रहस्यमयी अंदाज और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कहानी को दिलचस्प बनाए रखती है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिल्म की जान हैं। यक्षसन के रूप में उनका अभिनय धमक से भरा और यादगार है। परेश रावल का किरदार थोड़ा छोटा है, लेकिन प्रभावी है।

आदित्य सरपोतदार ने जंगल की पृष्ठभूमि, रात के दृश्यों और वैम्पायर कबीले की दुनिया को शानदार विजुअल ट्रीटमेंट दिया है। VFX अच्छे हैं, खासकर एक्शन और ट्रांसफार्मेशन सीन्स में। बैकग्राउंड म्यूज़िक माहौल को और डरावना बनाता है।

जो थ्रिलर, हॉरर और फैंटेसी पसंद करते हैं, तो ‘थामा’ पूरी तरह एंटरटेन करेगी। कहानी बांधे रखती है और एक्टिंग तो इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top