डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच लोकसभा सचिवालय ने संसद परिसर की सुरक्षा और गरिमा को बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सचिवालय ने सांसदों से आग्रह किया है कि वे संसद भवन और उससे जुड़े परिसरों में स्मार्ट चश्मा, पेन कैमरा, स्मार्ट घड़ियां तथा इसी तरह के अन्य डिजिटल उपकरणों का उपयोग नही करें। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अत्याधुनिक तकनीक के जरिए ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और डेटा ट्रांसमिशन पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है।
लोकसभा सचिवालय का मानना है कि इन स्मार्ट उपकरणों के माध्यम से बिना जानकारी के रिकॉर्डिंग या डेटा संग्रह संभव है, जिससे सांसदों की व्यक्तिगत गोपनीयता प्रभावित हो सकती है। इसके अतिरिक्त, संसद के भीतर होने वाली चर्चाएं, रणनीतिक संवाद और संवेदनशील मुद्दों पर विचार-विमर्श संसदीय विशेषाधिकार के अंतर्गत आता है। इसकी गोपनीयता भंग होना न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए नुकसानदेह हो सकता है, बल्कि राष्ट्रीय हितों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
संसद देश की सर्वोच्च विधायी संस्था है, जहां कानून निर्माण, नीतिगत निर्णय और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बहस होती है। यहां होने वाली प्रत्येक गतिविधि एक निश्चित नियमावली और परंपरा के तहत संचालित होती है। स्मार्ट चश्मा या पेन कैमरा जैसे उपकरण, जो देखने में साधारण लगता है, वास्तव में अत्याधुनिक निगरानी साधन बन सकता हैं। इनके माध्यम से गुप्त रूप से वीडियो या ऑडियो रिकॉर्ड कर उसे तुरंत साझा करना संभव है, जिससे गलत सूचना फैलने या संदर्भ से बाहर की बातों के दुरुपयोग की आशंका रहती है।
यह निर्णय केवल तकनीकी नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि संसदीय मर्यादा और विश्वास की रक्षा से भी जुड़ा है। संसद में विभिन्न दलों के सांसद खुलकर विचार रखते हैं, मतभेद जाहिर करते हैं और कभी-कभी बंद दरवाजों के पीछे गंभीर चर्चा होती है। यदि उन्हें यह आशंका बनी रहे कि उनकी बातचीत रिकॉर्ड हो सकती है, तो संवाद की स्वतंत्रता और खुलापन प्रभावित होगा।
लोकसभा सचिवालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आग्रह सांसदों की सुविधा को सीमित करने के लिए नहीं है, बल्कि संसद की संस्थागत विश्वसनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से है। पहले से ही मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को लेकर नियम मौजूद हैं, और यह नया निर्देश उसी क्रम का विस्तार माना जा रहा है।
डिजिटल युग में तकनीक का उपयोग अनिवार्य है, लेकिन संवेदनशील संस्थानों में उसकी सीमाएं तय करना भी उतना ही जरूरी है। संसद परिसर में स्मार्ट उपकरणों पर रोक का यह कदम एक संतुलित संदेश देता है कि जहां तकनीकी प्रगति का स्वागत है, वहीं लोकतांत्रिक मूल्यों, गोपनीयता और संसदीय गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
