रजनीकांत–कमल हासन की बहुप्रतीक्षित फिल्म - ‘आरकेएक्सकेएच’

Jitendra Kumar Sinha
0

 https://thefederal.com/h-upload/2026/02/19/597704-kamal-haasan-and-rajinikanth-film-new-poster-revealed-photo-xred-giant-kamal-haasan-1.jpg



दक्षिण भारतीय सिनेमा के दो सबसे बड़े सितारे “रजनीकांत और कमल हासन” एक बार फिर साथ आने के लिए तैयार हैं। लंबे इंतजार के बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आरकेएक्सकेएच’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है और फैंस इस ऐतिहासिक सहयोग को लेकर खासे उत्साहित नज़र आ रहे हैं।


‘आरकेएक्सकेएच’ के पहले पोस्टर में कलाकारों के चेहरे नहीं है, बल्कि दो व्यक्तियों के हाथ दिखाए गए हैं। एक हाथ में चमचमाती सोने की घड़ी है, तो दूसरे हाथ में सोने की अंगूठी। यह दृश्य अपने आप में एक खास संदेश देता है, शानदार, शाही और पूरी तरह विंटेज। निर्माताओं ने इस अंदाज को “कूल रेट्रो स्वैग” का नाम दिया है। पोस्टर से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म का प्रोमो भी इसी विंटेज थीम पर आधारित होगा, जो दर्शकों को पुराने दौर की याद दिलाएगा।


निर्माताओं ने पोस्टर के साथ यह जानकारी भी साझा की है कि फिल्म का प्रोमो 21 फरवरी (शनिवार) को दोपहर 12.07 बजे रिलीज हो गया है। प्रोमो की टाइमिंग तक को सोच-समझकर चुना गया था, ताकि दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोमो के लिए रजनीकांत और कमल हासन ने खास तौर पर रेट्रो लुक में शूटिंग किया था, जिसकी झलक पोस्टर में साफ दिख रहा था। 


इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। नेल्सन अपनी अलग शैली, तेज-तर्रार पटकथा और अनोखे ट्रीटमेंट के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में जब उनके निर्देशन में रजनीकांत और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकार एक साथ हों, तो उम्मीदें अपने आप ही आसमान छूने लगती हैं।


रजनीकांत और कमल हासन की दोस्ती और पेशेवर साझेदारी कोई नई नहीं है। दोनों ने अपने शुरुआती दौर में कई यादगार फिल्मों में साथ काम किया है। इनमें मूंदरू मुदिचू, पाथिनारू वायथिनिले, अवरगल और रागंगल जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था।


दोनों आखिरी बार वर्ष 1979 में रिलीज हुई फिल्म “अलाउद्दीन अलभुथा विलक्कम” में साथ नजर आए थे। इसके बाद लगभग पांच दशक तक दोनों ने एक साथ किसी बड़े प्रोजेक्ट में काम नहीं किया। यही कारण है कि जब ‘आरकेएक्सकेएच’ (जिसे अस्थायी तौर पर थलाइवर 174 भी कहा जा रहा है) का आधिकारिक ऐलान हुआ, तो प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।


फिल्म के रिलीज़ को लेकर अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘आरकेएक्सकेएच’ के पोंगल 2027 में सिनेमाघरों में आने की संभावना है। पोंगल का त्योहार तमिल सिनेमा के लिए हमेशा से खास रहा है, और ऐसे में इस मेगा प्रोजेक्ट का उसी मौके पर रिलीज होना इसे और भी भव्य बना सकता है।


रजनीकांत और कमल हासन दोनों ही अपने-अपने स्टाइल, अभिनय क्षमता और स्टारडम के लिए जाने जाते हैं। एक ओर रजनीकांत का करिश्माई स्वैग है, तो दूसरी ओर कमल हासन की गहराई और प्रयोगधर्मिता। ‘आरकेएक्सकेएच’ में इन दोनों का आमना-सामना दर्शकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा।


‘आरकेएक्सकेएच’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि साउथ सिनेमा के इतिहास का एक अहम अध्याय बनने जा रही है। पोस्टर और प्रोमो से जुड़े अपडेट ने यह साफ कर दिया है कि निर्माता कुछ खास और यादगार पेश करने की तैयारी में हैं। 



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top