सिम सुरक्षा नियम होंगे सख्त

Jitendra Kumar Sinha
0

 



डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल संवाद का साधन नहीं है, बल्कि बैंकिंग, सोशल मीडिया, सरकारी सेवाओं और निजी डेटा का केंद्र बन चुका है। ऐसे में साइबर ठगी, फर्जी सिम और अनधिकृत लॉगिन की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार और टेलीकॉम एजेंसियां सिम सुरक्षा नियमों को और सख्त करने जा रही हैं। प्रस्तावित नियमों के तहत व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग एप्स को उसी डिवाइस के सक्रिय सिम से लिंक करना अनिवार्य होगा, जिस फोन में एप चल रहा है। इसके अलावा वेब और डेस्कटॉप लॉगिन पर छह घंटे का ऑटो लॉग-आउट नियम भी लागू किया जाएगा।


नए नियमों का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मैसेजिंग एप का उपयोग केवल वास्तविक और वैध सिम धारक ही कर सके। इसके तहत जिस मोबाइल में मैसेजिंग एप चल रहा है, उसी फोन में संबंधित सिम का होना अनिवार्य होगा। किसी अन्य डिवाइस या बिना सिम वाले फोन पर एप चलाना संभव नहीं रहेगा। वेब या डेस्कटॉप लॉगिन अधिकतम छह घंटे तक ही वैध रहेगा, उसके बाद अपने आप लॉग-आउट हो जाएगा।


इस नियम का सबसे बड़ा असर WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर पड़ेगा। अभी तक यूजर एक बार लॉगिन करने के बाद लंबे समय तक वेब या डेस्कटॉप पर चैट इस्तेमाल कर सकते थे। नए नियम लागू होने के बाद बार-बार क्यूआर कोड स्कैन कर लॉगिन करना होगा। साझा कंप्यूटर या ऑफिस सिस्टम पर लंबे समय तक चैट खुली नहीं रह सकेगी। किसी और के फोन में अपना अकाउंट लॉगिन कर रखना मुश्किल होगा।


अक्सर देखा गया है कि लोग साइबर कैफे, ऑफिस या मित्र के कंप्यूटर पर मैसेजिंग एप लॉगिन करके लॉगआउट करना भूल जाते हैं। इससे निजी चैट, ओटीपी और संवेदनशील जानकारी लीक होने का खतरा बढ़ जाता है। छह घंटे का ऑटो लॉग-आउट नियम अनधिकृत एक्सेस को रोकेगा। डेटा चोरी और अकाउंट हैकिंग की घटनाएं घटाएगा। यूजर्स को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की आदत डालेगा।


पिछले कुछ वर्षों में फर्जी सिम, ओटीपी फ्रॉड और अकाउंट हाईजैकिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं। अपराधी अक्सर किसी और के नाम पर जारी सिम का इस्तेमाल, चोरी या अस्थायी सिम से एप लॉगिन और लंबे समय तक वेब लॉगिन सक्रिय रखकर डेटा चोरी जैसी तरकीबें अपनाते हैं। डिवाइस-सिम बाइंडिंग से यह सुनिश्चित होगा कि एप उसी फोन पर चले, जिसमें असली सिम मौजूद हो, जिससे ठगी के मामलों में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।


इन नियमों से आम यूजर को कई फायदे मिलेंगे। अकाउंट सुरक्षा मजबूत होगी। निजी चैट और मीडिया सुरक्षित रहेंगे। फर्जी कॉल, मैसेज और स्कैम में कमी आएगी। डिजिटल लेन-देन और ओटीपी आधारित सेवाएं ज्यादा सुरक्षित होगी। शुरुआत में बार-बार लॉगिन की प्रक्रिया थोड़ी असुविधाजनक लग सकती है, लेकिन लंबी अवधि में यह यूजर्स के हित में साबित होगी।


इन नियमों के साथ कुछ चुनौतियां भी सामने आएंगी। बुजुर्ग या कम तकनीकी जानकारी वाले यूजर्स को नई प्रक्रिया समझने में दिक्कत, ऑफिस या मल्टी-डिवाइस यूज करने वालों के लिए बार-बार लॉगिन, नेटवर्क या सिम खराब होने पर अस्थायी रूप से एप एक्सेस न मिलना, इसके लिए जरूरी है कि एप कंपनियां सरल गाइड और सपोर्ट सिस्टम उपलब्ध कराएं।


सिम सुरक्षा नियमों को सख्त करना आज के समय की जरूरत बन चुका है। जहां एक ओर इससे कुछ असुविधाएं होगी, वहीं दूसरी ओर डिजिटल सुरक्षा, गोपनीयता और भरोसा कहीं ज्यादा मजबूत होगा। आने वाले समय में मोबाइल यूजर्स को यह समझना होगा कि थोड़ी सावधानी और नियमों का पालन, बड़े साइबर खतरे से बचा सकता है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top