बिहार की राजनीति में 29 जून 2026 का दिन सिर्फ एक सरकारी बंगले में गृह-प्रवेश का साक्षी नहीं बना, बल्कि यह गवाह बना भारतीय समाज के उस शाश्वत सत्य का, जहाँ एक पिता अपनी पूरी जिन्दगी की कमाई अपने बेटे की सफलता के रूप में देखकर मौन मुस्कान के साथ तृप्त हो जाता है। कोई भी पिता कभी अपने बेटे से बड़ा नहीं बनना चाहता, उसकी सबसे बड़ी तमन्ना यही होती है कि बेटा उसकी परछाई से निकलकर, उससे भी ऊँचे आसमान को छुए। कल पटना में जो कुछ भी दिखा, वह इसी पिता-पुत्र के निश्छल संबंध और एक दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण था। इसके साथ ही, राजनीतिक गलियारों में पिछले कई महीनों से तैर रहे उस यक्ष प्रश्न का उत्तर भी मिल गया कि आखिर कुछ समय पूर्व हुए 'दिल्ली कूच' का वास्तविक भावार्थ क्या था?
बिहार की राजनीति में अक्सर 'खरगोश' की चाल चलने वाले नेताओं की चर्चा होती है- तेज तर्रार, आक्रामक और हर वक्त सुर्खियों में रहने वाले। लेकिन कल पटना ने उस पुरानी लोककथा का प्रत्यक्ष दर्शन किया, जहाँ कछुए की धीमी, निरंतर और अनुशासित चाल ने बाजी मार ली। जब बाकी प्रतिद्वंदी अपनी गति के अहंकार में थे, तब नेपथ्य में एक पिता अपने पुत्र को बिना किसी शोर-शराबे के मंजिल की ओर बढ़ा रहा था। यह चाल धीमी जरूर थी, पर इसमें भटकाव नहीं था।
हर कालखंड में इंसान का कद अक्सर भौतिकता से मापा जाता है। राजनीतिक गलियारों में तो यह मुहावरा ही बन चुका है कि "जितना ऊँचा पद, उतनी ऊँची दीवारें, जितनी बड़ी कुर्सी, उतना बड़ा बंगला।"
बिहार की सत्ता के केंद्र '1 अन्ने मार्ग' (मुख्यमंत्री आवास) के बाद अगर किसी पते की सबसे ज्यादा राजनीतिक हैसियत और धमक रही है, तो वह है '5 देशरत्न मार्ग'। कल इस बंगले की दीवारों पर चढ़े नए रंग सिर्फ एक इमारत का जीर्णोद्धार नहीं थे, बल्कि वे बिहार के भविष्य की एक नई परिकल्पना को जीवंत कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत कुमार के गृह-प्रवेश कार्यक्रम में जिस तरह बिहार और देश के दिग्गजों की भीड़ उमड़ी, वह महज़ एक शिष्टाचार मुलाकात नहीं थी। वह असल में बिहार के भावी राजनैतिक भविष्य की पहली मंजिल पर अपनी मौजूदगी की हाजिरी लगाने की होड़ थी।
जो लोग निशांत कुमार को पहले से जानते हैं, वे इस बात से चकित हैं कि कभी आम जन से भी बेहद साधारण, हीन और संकोची स्वरूप में दिखने वाले इस शख्स में पिछले कुछ समय में (विशेषकर 14.4 के घटनाक्रम के बाद) जो अभूतपूर्व बदलाव (Transformation) आया है, वह चमत्कारी है। यह बदलाव केवल पहनावे या पद का नहीं है, बल्कि यह उनके आत्मविश्वास, प्रशासनिक समझ और जनता से जुड़ने की कला का है। यह ट्रांसफॉर्मेशन आज के बिहार में आने वाले 'कल' का प्रत्यक्ष दर्पण है।
हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि निशांत कुमार केवल बिहार के कैबिनेट मंत्री नहीं हैं, वह उस पिता के पुत्र हैं जिन्होंने शून्य से शुरुआत करके पिछले तीन दशकों से भारतीय राजनीति में अपनी महारत साबित की है और लगभग दो दशकों तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सूबे का नेतृत्व किया है। कल के वैभव के पीछे उसी पिता की तीन दशक की साधना खड़ी थी।
कल के गृह-प्रवेश के इस महा-उत्सव का जब बारीक आकलन किया जाता है, तो उस सबसे बड़े सवाल का जवाब मिल जाता है जो 5 मार्च से राजनीतिक विश्लेषकों के लिए अनसुलझा पहेली बना हुआ था।
कल की इस पूरी पटकथा की तैयारी एक पिता द्वारा कई वर्षों पूर्व ही शुरू कर दी गई थी। पिता ने शतरंज की बिसात पर मोहरे इस प्रकार चले कि दामन भी साफ रहे और विरोधी कभी परिवारवाद या भ्रष्टाचार का सीधा कीचड़ न उछाल सके। जनता में दया भाव रहे लेकिन लोग उन्हें एक संदेहरहित, ईमानदार और गंभीर विकल्प के रूप में देखे। मंजिल कदम चूमे परन्तु सत्ता और प्रभाव बिना किसी हिंसक संघर्ष के खुद-ब-खुद झोली में आ गिरे।
आज बिहार की राजनीति के फलक पर तेजस्वी यादव, चिराग पासवान और सम्राट चौधरी जैसे युवा और स्थापित चेहरे मौजूद हैं। हर कोई खुद को भविष्य का नेता मानकर रेस में दौड़ रहा है। लेकिन एक चतुर और अनुभवी पिता ने अपने पुत्र निशांत को इस त्रिकोणीय रेस से पूरी तरह अलग रखा।
उन्होंने निशांत कुमार को इन सभी प्रतिद्वंदियों से 'दस कदम आगे' की सोच के साथ उस शांत हाईवे पर डाल दिया है, जहाँ न तो कोई जल्दबाजी है और न ही किसी खोने का भय। जब बाकी लोग रोज़ाना की बयानबाज़ी और राजनीतिक उठापटक में उलझे हैं, तब निशांत कुमार '5 देशरत्न मार्ग' से बिहार के एक नए, शांत और विकासपरक भविष्य की नींव रख रहे हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि पिता की यह तपस्या और बेटे का यह नया स्वरूप बिहार की राजनीति को किस नई दिशा में ले जाता है, लेकिन फिलहाल तो पटना की हवाएं यही कह रही हैं कि भविष्य की बिसात बिछ चुकी है।
