सफदरजंग अस्पताल ने अपने रोबोटिक सर्जरी की दुनिया में एक नई उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में 36 वर्षीय महिला की जटिल रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।
सूत्रों के अनुसार, महिला में बड़े आकार के एक गांठ (एड्रेनल ट्यूमर) का पता चला था। सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर संदीप बंसल ने बताया कि 18.2 सेमी लंबा 13.5 सेमी चौड़ा यह एड्रेनल ट्यूमर दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा एड्रेनल ट्यूमर है, जिसे रोबोट की मदद से छोटे सुराखों के जरिए बेहद सुरक्षित तरीके से हटाया गया है।
यह रोबोटिक सर्जरी यूरोलाजी और रीनल ट्रांसप्लांट विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख डाक्टर पवन वासुदेवा ने डाक्टर नीरज कुमार और डाक्टर अविषेक मंडल के साथ मिलकर की। एनेस्थीसिया टीम में डाक्टर सुशील, डाक्टर भव्या और डाक्टर मेघा शामिल थीं।
डाक्टर पवन ने बताया कि यह प्रक्रिया खतरों से भरी हुई थी, क्योंकि ट्यूमर न केवल बहुत बड़ा हो गया था बल्कि शरीर की तीन महत्त्वपूर्ण संरचनाओं यानि मुख्य नस, इंफीरियर वेना कावा, लिवर और दाएं गुर्दे को भी ढक दिया था और खतरनाक तरीके से चिपक गया था।
------------
