उत्तरफाल्गुनी नक्षत्र में मनाई जायेगी नाग पंचमी - 29 जुलाई को है नाग पंचमी

Jitendra Kumar Sinha
0



इस वर्ष नाग पंचमी का पर्व 29 जुलाई, मंगलवार को मनाया जायेगा। पंचांग के अनुसार, श्रावण शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को जब उत्तरफाल्गुनी नक्षत्र, शिव योग और रवियोग का शुभ संयोग बन रहा हो, तब नाग पंचमी का महत्त्व और भी बढ़ जाता है। यह पर्व भारतीय परंपरा, ज्योतिषीय मान्यता और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम है।

श्रावण मास शिवभक्ति का महत्त्वपूर्ण महीना है और इस माह में आने वाली नाग पंचमी, भगवान शिव के गले में विराजमान नागराज वासुकी की पूजा का प्रमुख अवसर होता है। पौराणिक मान्यता है कि नाग पंचमी पर विधिपूर्वक नागों की पूजा करने से व्यक्ति को कालसर्प दोष से मुक्ति मिलता है, जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और घर में सुख-शांति का वास होता है।

इस दिन श्रद्धालु नाग देवता की पूजा विशेष रूप से दूध, दही, लावा (भुना चावल), दूर्वा (एक प्रकार की पवित्र घास), पुष्प और सिंदूर से करते हैं। यह पूजा घर में बनाये गये नाग चित्रों पर या मिट्टी के नाग-नागिन के प्रतीकों पर किया जाता है। कई स्थानों पर शिव मंदिरों के समीप नाग प्रतिमाओं की स्थापना कर विशेष पूजन किया जाता है।

नाग पंचमी के अवसर पर देशभर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पटना, वाराणसी, उज्जैन, हरिद्वार, नासिक, और अन्य प्रमुख शिव स्थलों पर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चना किया जाएगा। 

29 जुलाई को रवियोग और शिव योग का विशेष संयोग बनने से यह पर्व और अधिक शुभ हो गया है। रवियोग को सभी दोषों को नष्ट करने वाला योग माना जाता है, जबकि शिव योग में की गई पूजा विशेष फलदायक माना जाता है। इस दिन नाग पूजा करने से चंद्र दोष, राहु-केतु के प्रभाव और जीवन में आने वाले अनचाहे संकटों से छुटकारा मिल सकता है।

नाग पंचमी केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। ग्रामीण भारत में इस दिन दीवारों पर नाग चित्र बनाकर महिलाएं पूजा करती हैं और अपने परिवार की रक्षा की कामना करती हैं। 

नाग पंचमी एक ऐसा पर्व है जिसमें प्रकृति, आस्था और ज्योतिष का अद्भुत संगम दिखाई देता है। यह दिन न केवल आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक सद्भाव और पारिवारिक सुख-शांति के लिए भी महत्त्वपूर्ण है। उत्तरफाल्गुनी नक्षत्र और शिव योग के विशेष संयोग में आने वाली यह नाग पंचमी, श्रद्धालुओं के लिए शुभता का सन्देश लेकर आयेगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top