बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा और आधुनिक कदम उठाने की तैयारी है। राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों और अंगीभूत कॉलेजों में डिजिटल लाइब्रेरी खोलने का निर्णय लिया है। यह पहल न केवल छात्रों को डिजिटल युग से जोड़ने का कार्य करेगी, बल्कि शिक्षा के स्तर को भी नए मुकाम तक पहुंचाएगी।
डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। पहले चरण में उन्हीं स्कूलों और कॉलेजों का चयन होगा, जिनके पास अतिरिक्त कमरे उपलब्ध हैं। जिलों से ऐसे संस्थानों की सूची मांगी गई है।
प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी में 10 कंप्यूटर लगाए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राएं बारी-बारी से पढ़ाई और शोध कार्य कर सकें। साथ ही, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली की निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा से छात्रों को ऑनलाइन किताबें, पत्रिकाएं, ऑडियो-वीडियो लेक्चर और अन्य शैक्षिक दस्तावेज आसानी से मिल सकेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कम-से-कम 300 वर्गफीट का क्षेत्र होना चाहिए। यह स्थान छात्रों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और तकनीकी उपकरणों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक है।
डिजिटल लाइब्रेरी के सुचारू संचालन के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे वे डिजिटल सामग्री का सही उपयोग कर छात्रों को मार्गदर्शन दे सकेंगे। यह कदम ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के छात्रों के बीच डिजिटल गैप को कम करने में मदद करेगा।
मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत इस परियोजना पर 94 करोड़ 50 लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। यह निवेश शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और तकनीकी सुविधाओं को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
छात्रों के लिए फायदेबंद होगा, आधुनिक तकनीक से पढ़ाई का अवसर मिलेगा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ई-रिसोर्सेज मिलेगा, शोध और प्रोजेक्ट कार्य के लिए डिजिटल सामग्री उपलब्ध होगी और ग्रामीण छात्रों को भी शहरी स्तर की शैक्षिक सुविधा मिल सकेगा।
इस योजना से न केवल छात्रों की पढ़ाई आसान होगी, बल्कि वे डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को तैयार कर पाएंगे। यह पहल बिहार को ‘डिजिटल एजुकेशन’ के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम है। बिहार सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना आने वाले समय में लाखों छात्रों के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलेगी और उन्हें विश्वस्तरीय संसाधनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
