समुद्र की गहराइयों और ठंडे तटों पर कई अद्भुत जीव बसते हैं, लेकिन उनमें से एक ऐसा प्यारा और बुद्धिमान स्तनपायी है जो हर किसी का दिल जीत लेता है “समुद्री ऊदबिलाव”। अपनी चमकदार आंखों, मुलायम फर और खेल-खेल में जीने की आदत के कारण यह जानवर समुद्र के नन्हे जादूगर के रूप में जाना जाता है।
“समुद्री ऊदबिलाव” का सबसे खास गुण उसका फर है। इसके शरीर पर लगभग दस लाख बाल प्रति वर्ग इंच पाए जाते हैं, जो दुनिया के सबसे घने फर में से एक है। यही फर ठंडे पानी में इसे गर्म बनाए रखता है, क्योंकि इसके शरीर में व्हेल या सील की तरह मोटी चर्बी की परत (ब्लबर) नहीं होती है। फर की यह प्राकृतिक “वाटरप्रूफ जैकेट” इसे शून्य डिग्री के आसपास के तापमान में भी सहज रखती है।
इसका वजन औसतन 14 से 45 किलोग्राम तक होता है और लंबाई लगभग 1.2 मीटर तक हो सकता है। इसके पंजे छोटा लेकिन बेहद ताकतवर होता हैं, जिसकी मदद से यह पानी में तेजी से तैरता है और शिकार पकड़ता है।
“समुद्री ऊदबिलाव” खाने के मामले में बेहद दिलचस्प होता है। वह अपनी पीठ के बल तैरते हुए खाना खाता हैं, यह नजारा देखने वालों के लिए किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं लगता। इसका भोजन मुख्य रूप से शंख, सीप, केकडा और मछली होता है। सबसे खास बात यह है कि यह पत्थरों का इस्तेमाल औजार की तरह करता है, ताकि कठोर खोल को तोड़ सकें। यह क्षमता जानवरों में बहुत कम पाई जाती है और इसके बुद्धिमत्ता का प्रमाण है।
“समुद्री ऊदबिलाव” केवल प्यारे जीव ही नहीं है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। वह समुद्र में पाई जाने वाली ‘सी अर्चिन (Sea Urchin)’ की संख्या को नियंत्रित करता है। यदि ‘सी अर्चिन’ की संख्या बढ़ जाए तो वह केल्प नामक समुद्री पौधों को नष्ट कर सकता है। केल्प जंगल समुद्री जीवन का घर हैं और कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करने में अहम भूमिका निभाता है। इस तरह, ऊदबिलाव समुद्र के स्वास्थ्य के रक्षक भी हैं।
एक समय ऐसा था जब इसके फर की खूबसूरती के कारण इसका शिकार बड़े पैमाने पर किया गया, जिससे इसकी संख्या बेहद कम हो गई। आज इसे संरक्षित प्रजातियों की सूची में रखा गया है और कई देशों में इसके शिकार पर सख्त प्रतिबंध है। फिर भी प्रदूषण, तेल रिसाव और जलवायु परिवर्तन इसके अस्तित्व के लिए खतरा बना हुआ है।
“समुद्री ऊदबिलाव” सिर्फ एक सुंदर जीव नहीं है, बल्कि प्रकृति के नाजुक संतुलन का अहम हिस्सा हैं। इसकी मुस्कान, खेलकूद और बुद्धिमत्ता यह याद दिलाता है कि समुद्र की दुनिया कितनी जीवंत और रहस्यमयी है।
