भारत ने तकनीक और संचार के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आइआइटी हैदराबाद ने 7 गीगाहर्ट्ज बैंड पर आधारित 6जी प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण करके दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। यह सिर्फ एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की डिजिटल क्रांति की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है।
6जी को मोबाइल नेटवर्किंग की अगली पीढ़ी माना जा रहा है। जहां 4जी ने वीडियो स्ट्रीमिंग और इंटरनेट उपयोग को आसान बनाया, वहीं 5जी ने स्पीड और लेटेंसी में क्रांति ला दी। 6जी उससे भी कई गुना अधिक शक्तिशाली होगा। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है अत्यधिक स्पीड (1 टेराबिट प्रति सेकेंड तक), अल्ट्रा-लो लेटेंसी (लगभग शून्य), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और IoT का गहरा एकीकरण। इससे न केवल मोबाइल इंटरनेट का अनुभव बदल जाएगा, बल्कि यह हेल्थकेयर, स्मार्ट सिटी, इंडस्ट्री ऑटोमेशन, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रक्षा क्षेत्र में भी उपयोगी सिद्ध होगा।
7 गीगाहर्ट्ज बैंड पर 6जी प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण दिखाता है कि भारत अब सिर्फ तकनीक का उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि इसका निर्माता भी बन रहा है। इस परीक्षण से यह प्रमाणित हुआ है कि देश के पास अगली पीढ़ी की मोबाइल टेक्नोलॉजी विकसित करने की क्षमता मौजूद है। यह प्रयोग भारत को वैश्विक स्तर पर 6जी रिसर्च और डेवलपमेंट में अग्रणी देशों की कतार में खड़ा करता है।
6जी के संभावित लाभ है, 6जी नेटवर्क सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह गांव-गांव तक उच्च गति का इंटरनेट पहुंचाएगा। हवाई जहाजों, जहाजों और दुर्गम क्षेत्रों में भी इंटरनेट बाधारहित उपलब्ध होगा। टेलीमेडिसिन, रोबोटिक सर्जरी और वर्चुअल क्लासरूम को 6जी नई ऊंचाई देगा। स्मार्टफोन से लेकर होम अप्लायंसेस और इंडस्ट्री मशीनों तक सब कुछ एक-दूसरे से निर्बाध रूप से जुड़ पाएगा।
भारत की जनसंख्या और बढ़ती डिजिटल जरूरतों को देखते हुए 6जी रोल आउट बेहद अहम है। यह न केवल डिजिटल इंडिया मिशन को नई गति देगा, बल्कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी मजबूत करेगा। साथ ही, भारत वैश्विक स्तर पर 6जी मानकों और पेटेंट्स में योगदान देकर बड़ी आर्थिक और रणनीतिक शक्ति हासिल करेगा।
सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 2030 तक पूरे देश में 6जी नेटवर्क उपलब्ध होगा। यह मील का पत्थर भारत को तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा।
आइआइटी हैदराबाद का यह सफल परीक्षण इस बात का संकेत है कि भारत अब केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक तकनीकी प्रतिस्पर्धा का नेतृत्व करने की तैयारी कर चुका है। 6जी तकनीक आने वाले वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा क्षेत्र को नई उड़ान देगी।
