धरती पर कई ऐसे जीव पाए जाते हैं जो अपनी अनोखी रंगत और अद्भुत विशेषताओं से दुनिया को चकित कर देते हैं। अमेजन नदी की “गुलाबी डॉल्फिन”, जिसे स्थानीय भाषा में बोटो कहा जाता है, उन्हीं में से एक है। यह ताजे पानी में पाई जाने वाली दुर्लभ डॉल्फिन प्रजाति है, जिसका वैज्ञानिक नाम इनिया जेफ्रेन्सिस (Inia geoffrensis) है। अपनी रहस्यमयी सुंदरता और व्यवहार के कारण यह जीव न केवल वैज्ञानिकों बल्कि स्थानीय लोककथाओं में भी विशेष स्थान रखता है।
“बोटो डॉल्फिन” जन्म के समय हल्की ग्रे रंग की होती है, लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, इसका रंग गुलाबी होने लगता है। खासतौर से नर डॉल्फिन में यह गुलाबी आभा गहरी दिखाई देती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसकी गुलाबी रंगत का कारण त्वचा के पास मौजूद रक्त वाहिकाएं और गतिविधि के दौरान रक्त प्रवाह का बढ़ना है। यही कारण है कि तैराकी या खेलते समय इनका रंग और भी चमकदार दिखता है।
“बोटो डॉल्फिन” का शरीर 2 से 2.5 मीटर लंबा और वजन लगभग 160 से 180 किलोग्राम तक होता है। इसका सिर अपेक्षाकृत बड़ा होता है, जिस पर एक छोटा उभार दिखाई देता है, जो अन्य समुद्री डॉल्फिन में पाए जाने वाले डोर्सल फिन की जगह लेता है। इसकी लंबी और पतली चोंच, लचीला गला और छोटी आंखें इसे जटिल नदी मार्गों में आसानी से तैरने और शिकार करने में मदद करती हैं।
“गुलाबी डॉल्फिन” को अत्यंत बुद्धिमान जीव माना जाता है। यह जटिल ध्वनियों और इशारों के माध्यम से आपसी संवाद करती है। शिकार के समय यह मछलियों, केकड़ों और अन्य छोटे जीवों का आसानी से पता लगाकर पकड़ लेती है। कई बार इसे नदी में मछुआरों के साथ सहयोग करते हुए भी देखा गया है।
अमेजन क्षेत्र की जनजातीय लोककथाओं में “बोटो डॉल्फिन” का विशेष महत्व है। स्थानीय लोग मानते हैं कि रात के समय यह डॉल्फिन सुंदर युवक का रूप धारण कर गांवों में आता है और लोगों के बीच रहस्यमयी तरीके से घुलमिल जाता है। यही कारण है कि इस जीव को रहस्यमय और पवित्र माना जाता है।
आज “बोटो डॉल्फिन” कई खतरों का सामना कर रही है। नदी प्रदूषण, बांध निर्माण, मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाले जाल और अवैध शिकार इसके अस्तित्व के लिए खतरा बन गया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसे IUCN की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल किया गया है। इन डॉल्फिनों की रक्षा के लिए स्थानीय सरकारें और पर्यावरण संगठन लगातार प्रयास कर रहे हैं।
“गुलाबी डॉल्फिन” न केवल अमेजन की नदियों की शोभा है, बल्कि यह प्रकृति की अद्भुत विविधता का एक जीवंत प्रतीक भी है। इसकी रहस्यमयी सुंदरता और अनोखे गुण यह याद दिलाता हैं कि धरती पर हर जीव का अस्तित्व महत्वपूर्ण है। यदि इसे बचाने का प्रयास नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियां शायद केवल किताबों में ही इस गुलाबी परी की झलक पा सकेगा।
