टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने हाल ही में घोषणा की है कि राज्य में इस्लामिक शरिया कानून लागू करने की किसी भी कोशिश पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी संगठन या व्यक्ति नागरिकों पर शरिया थोपने की कोशिश करता है तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी जाए। यह बयान ऐसे समय आया है जब ह्यूस्टन में एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक मौलवी लाउडस्पीकर से दुकानदारों से शराब, पोर्क और लॉटरी टिकट न बेचने की अपील कर रहा था।
अमेरिका का संविधान नागरिकों को पूर्ण धार्मिक स्वतंत्रता देता है, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट करता है कि देश के नागरिक कानून से ऊपर कोई धार्मिक कानून नहीं हो सकता है। गवर्नर एबॉट का यह कदम इसी संवैधानिक प्रावधान की पुष्टि करता है। उनका कहना है कि टेक्सास में सिर्फ अमेरिकी संविधान और राज्य के कानून ही लागू होंगे, किसी भी धर्म का व्यक्तिगत कानून नहीं है।
ह्यूस्टन में वायरल वीडियो ने इस बहस को और तेज कर दिया है। वीडियो में मौलवी द्वारा शराब और पोर्क पर रोक लगाने की अपील को कई लोगों ने शरिया थोपने की कोशिश के रूप में देखा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और स्थानीय प्रशासन तक मामला पहुँचा। काउंसिल ऑन अमरीकन इस्लामिक रिलेशंस (CAIR) ने इस पूरे घटनाक्रम की निंदा की। संस्था का कहना है कि शरिया केवल व्यक्तिगत धार्मिक प्रथाओं और नैतिक मार्गदर्शन से जुड़ा है, न कि किसी राज्य या नागरिक कानून से। उनका तर्क है कि इसे जबरन थोपने का आरोप पूरी तरह भ्रामक है।
यह घटना अमेरिका जैसे बहुलतावादी समाज में धार्मिक स्वतंत्रता और नागरिक कानून के बीच संतुलन की चुनौती को सामने लाती है। हर व्यक्ति को अपने विश्वास और प्रथाओं का पालन करने का अधिकार है। किसी भी धर्म का नियम नागरिक कानून से ऊपर नहीं हो सकता है। यही कारण है कि अमेरिकी प्रशासन बार-बार यह स्पष्ट करता है कि कोई भी धार्मिक कानून केवल व्यक्तिगत आस्था तक सीमित है।
गवर्नर एबॉट के बयान से यह संदेश जाता है कि टेक्सास किसी भी प्रकार की धार्मिक कट्टरता को बर्दाश्त नहीं करेगा। उनका यह कदम स्थानीय बहुसंख्यक समाज को आश्वस्त करने वाला है, लेकिन इससे मुस्लिम समुदाय में असंतोष भी पैदा हो सकता है। यही वजह है कि प्रशासन को कानूनी कठोरता और सामाजिक सामंजस्य के बीच संतुलन बनाना होगा।
टेक्सास में शरिया कानून पर प्रतिबंध का यह निर्णय केवल धार्मिक मुद्दा नहीं है, बल्कि अमेरिका के संविधान, सामाजिक समरसता और नागरिक स्वतंत्रता से जुड़ा बड़ा सवाल है। गवर्नर एबॉट का रुख साफ है कि नागरिक कानून ही सर्वोपरि है।
