“लिलो एंड स्टिच” एक ऐसी एनिमेटेड फिल्म है जो देखने में जितनी मजेदार है, उतनी ही गहराई से दिल को छू लेने वाली भी है। यह फिल्म सिर्फ बच्चों के मनोरंजन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि बड़ों को भी रिश्तों, भावनाओं और अपनापन समझने का मौका देती है। कहानी हवाई द्वीप की एक छोटी सी बच्ची लिलो के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने माता-पिता को खो चुकी है और अपनी बड़ी बहन नानी के साथ रहती है। लिलो थोड़ी अलग है, उसे दोस्त बनाने में मुश्किल होती है और वह अक्सर खुद को अकेला महसूस करती है।
इसी बीच कहानी में एंट्री होती है स्टिच की, जो असल में एक खतरनाक एलियन प्रयोग है। शुरुआत में स्टिच का मकसद सिर्फ तबाही मचाना होता है, लेकिन हालात उसे लिलो के पास ले आता है। लिलो उसे एक अजीब से कुत्ते की तरह गोद ले लेती है और यहीं से दोनों की अनोखी दोस्ती शुरू होती है। स्टिच धीरे-धीरे लिलो के प्यार और अपनापन से बदलने लगता है। जो एलियन सिर्फ नुकसान पहुंचाने के लिए बना था, वह पहली बार यह समझता है कि किसी का अपना होना क्या मायने रखता है।
फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसका भावनात्मक पक्ष है। लिलो और नानी का रिश्ता बहुत वास्तविक और सच्चा लगता है। नानी अपनी छोटी बहन की जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करती है, लेकिन जीवन की मुश्किलें उसे बार-बार थका देती हैं। इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ती। फिल्म यह दिखाती है कि परिवार परफेक्ट नहीं होता है, लेकिन मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहना ही असली परिवार की पहचान है।
‘ओहाना’ शब्द इस फिल्म की आत्मा है, जिसका मतलब है परिवार, और परिवार का मतलब है कि कोई भी पीछे नहीं छूटता और न ही भुलाया जाता है। यह संदेश फिल्म को खास बना देता है। स्टिच, जो खुद को बेकार और खतरनाक मानता है, लिलो के जरिए यह सीखता है कि हर किसी को अपनाया जा सकता है और हर किसी में अच्छा बनने की क्षमता होती है।
रंग-बिरंगे दृश्य, हवाई संस्कृति की झलक, मजेदार संवाद और स्टिच की शरारती हरकतें फिल्म को बच्चों के लिए बेहद आकर्षक बनाती हैं। वहीं, इसके भावनात्मक पल दर्शकों की आंखें नम कर देता है। यह फिल्म सिखाती है कि दोस्ती और परिवार सिर्फ खून के रिश्तों से नहीं बनते, बल्कि समझ, धैर्य और प्यार से बनते हैं।
“लिलो एंड स्टिच” एक ऐसी फिल्म है जो हंसी, मस्ती और सीख तीनों को एक साथ लेकर चलती है। यही वजह है कि यह फिल्म सालों बाद भी बच्चों और परिवारों की पसंद बनी हुई है और हर उम्र के दर्शकों को कुछ न कुछ सिखा जाती है।
