भारतीय खेल जगत के लिए 2026 की शुरुआत रोमांच से भरपूर होने वाली है, क्योंकि देश पहली बार अपनी भारतीय निशानेबाजी लीग (Shooting League of India – SLI) का आयोजन करने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने घोषणा की है कि इस बहुप्रतीक्षित लीग का पहला सत्र 16 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन से न केवल भारतीय निशानेबाजों को मंच मिलेगा, बल्कि देश में शूटिंग खेल की लोकप्रियता भी एक नए स्तर पर पहुंचने की तैयारी में है।
भारतीय निशानेबाजी लीग देश में पहली बार एक ऐसे प्रारूप को लेकर आ रही है, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। दुनिया भर के लीग मॉडल जैसे- क्रिकेट की आईपीएल, बैडमिंटन की पीबीएल और कुश्ती की पीडब्ल्यूएल, की तर्ज पर शूटिंग लीग का आगाज खेल को एक नई दिशा देगा।
युवा निशानेबाजों को अनुभवी और ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। शूटिंग खेल को व्यावसायिक और दर्शकों के लिए आकर्षक बनाया जाएगा। देश में शूटिंग इकोसिस्टम को आर्थिक और तकनीकी मजबूती मिलेगी।
एनआरएआई ने स्पष्ट किया है कि लीग की तिथियां अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) के 2026 कैलेंडर के मुताबिक तय की गई हैं। इसका उद्देश्य है कि खिलाड़ियों के लिए किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से टकराव न हो। विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी अधिकतम हो सके। इसी कारण लीग को पहले 2026 की शुरुआत तक टाल दिया गया था, ताकि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज भी इसमें शामिल हो सके।
हालांकि टीमों की संख्या, प्रारूप और खिलाड़ियों की नीलामी से जुड़े विस्तृत विवरण जल्द घोषित किए जाएंगे, लेकिन उम्मीद है कि लीग में पुरुष और महिला दोनों के लिए विभिन्न राइफल एव पिस्टल स्पर्धाएं शामिल होगी।
शूटिंग को दर्शकों के लिए रोमांचक बनाने के लिए नए स्कोरिंग फॉर्मेट और लाइव इवेंट्स का आयोजन किया जाएगा। टीवी और डिजिटल स्ट्रीमिंग के जरिए इस खेल को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
भारत ने पिछले एक दशक में निशानेबाजी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। ओलंपिक, वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों में भारत लगातार पदक जीतता आया है। ऐसे में यह लीग खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा देगी, उनकी मानसिक और तकनीकी क्षमता को बेहतर करेगी और युवा प्रतिभाओं की खोज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
16 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाली भारतीय निशानेबाजी लीग न सिर्फ एक खेल आयोजन है, बल्कि यह भारत के शूटिंग भविष्य की नई नींव है। यह लीग भारतीय निशानेबाजों को विश्वस्तरीय मंच देगी और देश में शूटिंग संस्कृति को मजबूती प्रदान करेगी।
