सितंबर 2026 तक होगें देश में - “473 आधार केंद्र”

Jitendra Kumar Sinha
0





आधार देश की पहचान व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, मोबाइल कनेक्शन, पेंशन, छात्रवृत्ति और अनेक आवश्यक सेवाओं में आधार की अनिवार्यता के कारण समय-समय पर नामांकन और अपडेट की जरूरत हर नागरिक को पड़ती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने जानकारी दी है कि सितंबर 2026 तक देशभर में पूर्ण रूप से कार्यरत आधार नामांकन और अपडेट केंद्रों की संख्या मौजूदा 88 से बढ़ाकर 473 कर दी जाएगी।


वर्तमान में आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए नागरिकों को अक्सर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। खासतौर पर वयस्कों के लिए आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधाएं सीमित केंद्रों तक ही उपलब्ध हैं। हालांकि बच्चों का आधार नामांकन डाकघरों में किया जा सकता है, लेकिन वयस्कों को नामांकन या अपडेट के लिए कई बार जिला मुख्यालय या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे समय, धन और श्रम की बर्बादी होती है, साथ ही बुजुर्गों, दिव्यांगों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।


यूआईडीएआई का यह कदम आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। नए केंद्रों के खुलने से लोगों को अपने नजदीकी इलाकों में ही आधार से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होगी। इन केंद्रों पर नया आधार नामांकन, पता और नाम में सुधार, जन्मतिथि अपडेट, मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेगी। इससे न केवल भीड़ कम होगी, बल्कि सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता भी बेहतर होगी।


डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत करने में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आधार को डिजिटल पहचान का आधार स्तंभ माना जाता है और इसके सटीक एव अद्यतन रहने से सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलती है। जब नागरिकों के लिए आधार अपडेट कराना आसान होगा, तो फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और शासन प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।


इसके अलावा, आधार केंद्रों की संख्या बढ़ने से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, तकनीकी कर्मचारी और सहायक स्टाफ की आवश्यकता होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में केंद्र खुलने से वहां के लोगों को भी शहरी सुविधाओं के समान सेवाएं मिल सकेगी।


सितंबर 2026 तक 473 आधार नामांकन और अपडेट केंद्र स्थापित करने की योजना देश के करोड़ों नागरिकों के लिए सुविधा, समय की बचत और भरोसेमंद सेवाओं का प्रतीक है। यह कदम न केवल आधार व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि आम आदमी के जीवन को भी सरल और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top