मलयालम सिनेमा की थ्रिलर परंपरा को आगे बढ़ाती फिल्म “ईको” रहस्य, सस्पेंस और मनोवैज्ञानिक तनाव का ऐसा संसार रचती है, जो दर्शक को शुरू से अंत तक बांधे रखता है। यह फिल्म अब हिन्दी में भी उपलब्ध है, जिससे व्यापक दर्शक वर्ग तक इसकी पहुंच बनती है। कहानी के केंद्र में काटुकुन्नू की धुंध से ढकी पहाड़ियां हैं, जहां एक बुजुर्ग महिला और उसकी देखभाल करने वाली का जीवन पहली नजर में शांत और एकरस दिखाई देता है, लेकिन इसी सन्नाटे के भीतर कई अनकहे सच छिपा है।
फिल्म की घटनाएं उस वक्त मोड़ लेती हैं, जब एक मशहूर डॉग ब्रीडर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो जाता है। यह गुमशुदगी केवल एक व्यक्ति के गायब होने की कहानी नहीं रहती है, बल्कि धीरे-धीरे अतीत के काले रहस्यों, अधूरे रिश्तों और दबे हुए अपराधों की परतें खोलने लगती है। डॉग ब्रीडर का अतीत जितना प्रतिष्ठित दिखता है, उतना ही भयावह और संदेहास्पद भी है। उसकी जिन्दगी से जुड़े लोग एक-एक कर कहानी में प्रवेश करते हैं और हर किरदार के साथ रहस्य और गहरा होता चला जाता है।
फिल्म की खासियत यह है कि यहां कोई भी पात्र पूरी तरह निर्दोष या पूरी तरह दोषी नहीं दिखता है। हर किसी के पास अपना छुपा हुआ मकसद है और हर कोई सही मौके की तलाश में है। बुजुर्ग महिला का रहस्यमय व्यवहार, उसकी देखभाल करने वाली की चुप्पी, और आसपास के लोगों की संदिग्ध गतिविधियां दर्शक के मन में लगातार सवाल पैदा करती रहती हैं। निर्देशक दिंजित अय्याथन ने वातावरण को कहानी का अहम हिस्सा बनाया है। धुंध, पहाड़ियां और सन्नाटा सिर्फ पृष्ठभूमि नहीं है, बल्कि रहस्य को और गाढ़ा करने का काम करती हैं।
अभिनय की बात करें तो संदीप प्रदीप, विनीत, नरेन, बीनू पप्पू और बियाना मोमिन ने अपने-अपने किरदारों में गहराई और विश्वसनीयता भर दी है। नरेन का संयमित और प्रभावशाली अभिनय कहानी को मजबूती देता है, वहीं सहायक कलाकार भी फिल्म के तनावपूर्ण माहौल को बनाए रखने में सफल रहता है। संवाद कम हैं, लेकिन भावनाएं और संकेत ज्यादा प्रभावशाली हैं, जिससे दर्शक खुद भी कहानी को जोड़ने और समझने की कोशिश करता है।
“ईको” की सबसे बड़ी ताकत इसका धीमा लेकिन कसावदार नैरेटिव है। यह फिल्म तेज रफ्तार ट्विस्ट्स पर नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक दबाव और धीरे-धीरे खुलते रहस्यों पर भरोसा करती है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, सच्चाई के करीब पहुंचने की उम्मीद बढ़ती जाती है, लेकिन हर नया खुलासा नए सवाल खड़े कर देता है। यही कारण है कि फिल्म अंत तक दर्शक को बांधे रखती है और खत्म होने के बाद भी उसके प्रभाव से बाहर निकलना आसान नहीं होता है।“ईको” एक ऐसी थ्रिलर है, जो शोर नहीं मचाती, बल्कि खामोशी के जरिए डर और रहस्य पैदा करती है।
