इटली का नाम आते ही सबसे पहले फुटबॉल की चमकदार विरासत याद आती है। चार बार की फुटबॉल विश्व चैंपियन टीम, सेरी-ए लीग और दिग्गज खिलाड़ी,यह सब इटली का पहचान रहा है। लेकिन अब खेलों के नक्शे पर एक नया अध्याय जुड़ गया है। क्रिकेट, जिसे लंबे समय तक उपमहाद्वीप और कुछ चुनिंदा देशों का खेल माना जाता था, अब इटली भी मजबूती से अपनी जगह बना रहा है। 2026 में भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए इटली की टीम का क्वालीफाई करना इसी बदलाव का प्रतीक है।
इटली का टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना न केवल उसके लिए, बल्कि यूरोपियन क्रिकेट के लिए भी बड़ी उपलब्धि है। कठिन क्वालीफाइंग मुकाबलों में इटली ने अनुशासित गेंदबाजी, संतुलित बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का प्रदर्शन किया। अपेक्षाकृत कम संसाधनों और सीमित अनुभव के बावजूद इटली की टीम ने स्थापित क्रिकेट देशों को चुनौती दी और अपनी दावेदारी साबित की।
फुटबॉल-प्रधान देश में क्रिकेट का पनपना आसान नहीं था। लेकिन प्रवासी भारतीय, पाकिस्तानी, श्रीलंकाई और बांग्लादेशी समुदायों ने इटली में क्रिकेट संस्कृति की नींव रखी। धीरे-धीरे स्थानीय युवाओं की भी रुचि बढ़ी और क्रिकेट क्लबों की संख्या में इजाफा हुआ। आज इटली के कई शहरों में लीग मैच, अकादमियां और प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
क्रिकेट फेडरेशन इटली (CFI) ने खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए स्कूलों में क्रिकेट को बढ़ावा देना शुरू किया है। बच्चों को शुरुआती उम्र से खेल से जोड़ने के लिए कोचिंग कार्यक्रम, उपकरण और मिनी-टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। साथ ही, बेहतर पिच, अभ्यास सुविधाएं और प्रशिक्षकों पर निवेश कर इटली क्रिकेट के भविष्य को संवारने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
भारत-श्रीलंका में खेले जाने वाले 2026 टी-20 विश्व कप में इटली का हिस्सा बनना अपने-आप में बड़ी उपलब्धि है। भले ही टीम खिताब की प्रबल दावेदार न मानी जाए, लेकिन उसका उत्साह, जुझारूपन और “अंडरडॉग” की भूमिका टूर्नामेंट को रोमांचक बनाएगी। यह भागीदारी इटली में क्रिकेट की लोकप्रियता को और बढ़ाएगी।
इटली का 2026 टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट अब सीमाओं से परे एक वैश्विक खेल बन चुका है। फुटबॉल की धरती पर क्रिकेट का यह उभार आने वाले वर्षों में नए अवसर, नए खिलाड़ी और नई संभावनाएं लेकर आएगा।
