वर्ष 2023 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘कोहरा’ ने भारतीय ओटीटी दर्शकों के बीच एक खास पहचान बनाई है। ग्रामीण पंजाब की पृष्ठभूमि, गहरी सामाजिक परतें और रहस्य से भरी कहानी ने इसे साधारण क्राइम थ्रिलर से अलग कर दिया है। दमदार अभिनय और सधी हुई पटकथा के कारण इस सीरीज ने न सिर्फ दर्शकों का प्यार पाया, बल्कि कई प्रतिष्ठित ओटीटी अवॉर्ड्स भी अपने नाम किया है। इसी सफलता के बाद दर्शकों को इसके दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार था, जो अब खत्म होने वाला है।
“कोहरा सीजन 2” 11 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रहा है। इस बार कहानी पहले से ज्यादा गहरी, पेचीदा और मनोवैज्ञानिक होने का दावा कर रही है। मेकर्स के अनुसार, नया सीजन केवल एक मर्डर मिस्ट्री नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों, सत्ता, अपराध और नैतिकता के बीच के संघर्ष को भी उजागर करेगा। दर्शकों को एक बार फिर रहस्य, सस्पेंस और भावनात्मक उतार-चढ़ाव का अनुभव मिलेगा।
सीजन 2 में वरुण सोबती एक बार फिर एएसआई अमरपाल गरुंडी के किरदार में नजर आएंगे। उनका यह किरदार पहले सीजन में दर्शकों को काफी पसंद आया था, एक ऐसा पुलिस अफसर जो अपने निजी संघर्षों और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। इस बार अमरपाल एक नई चुनौती का सामना करेगा, जहां हत्या की गुत्थी पहले से कहीं ज्यादा उलझी हुई है और हर सुराग एक नए रहस्य की ओर इशारा करता है।
इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत है मोना सिंह की एंट्री। वह नयी कमांडिंग ऑफिसर धनवंत कौर के किरदार में दिखाई देगी। एक सख्त, अनुशासित और तेज दिमाग अफसर के रूप में उनका किरदार कहानी को नया मोड़ देगा। अमरपाल और धनवंत के बीच का प्रोफेशनल तालमेल, मतभेद और आपसी टकराव सीरीज में अतिरिक्त तनाव और रोमांच पैदा करेगा। दो अलग-अलग सोच वाले अफसर जब एक ही केस पर काम करेंगे, तो टकराव भी होगा और सच्चाई तक पहुंचने की जिद भी।
कोहरा 2 केवल अपराध की जांच तक सीमित नहीं है। यह समाज के अंधेरे कोनों, छुपे हुए सच और इंसानी कमजोरियों को सामने लाने की कोशिश करता है। मजबूत किरदार, यथार्थवादी संवाद और सस्पेंस से भरी कहानी इसे देखने लायक बनाती है।
