जापान ने बनाया- ‘ह्यूमन वॉशिंग मशीन’

Jitendra Kumar Sinha
0

 



दुनिया तकनीकी नवाचारों के दौर से गुजर रही है। आज AI कारों को चला रहा है, रोबोट अस्पतालों में ऑपरेशन कर रहा है, और मशीनें घरों की सफाई कर रही हैं। लेकिन जापान ने इस बार जिस तकनीक को जन्म दिया है, उसने मानव जीवन के एक अत्यंत सामान्य लेकिन आवश्यक हिस्सा “नहाने” को ही भविष्यवादी रूप दे दिया है। जापान में इंसानों की धुलाई करने वाली वाशिंग मशीन तैयार हो गई है। इसका नाम है “ह्यूमन वॉशिंग मशीन” या “ह्यूमन क्लीनिंग पॉड”। कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपया और निर्माण मात्र 50 यूनिट्स। मतलब यह कोई सामान्य घरेलू उपकरण नहीं है, बल्कि तकनीकी लक्जरी की दुनिया में रखा जाने वाला प्रीमियम इनोवेशन है। दिलचस्प बात यह है कि ओसाका के एक होटल ने इसे खरीद भी लिया है और जल्द ही वहां आने वाले ग्राहकों को इसका अनुभव मिलेगा। 

अब प्रश्न उठता है कि यह मशीन करती क्या है? यह कैसी दिखती है? इसमें मनुष्य नहाता कैसे है? इसमें कपड़ों की तरह घुमाया नहीं जाता तो सफाई कैसे होती है? और क्या यह मशीन भविष्य की बाथिंग टेक्नोलॉजी साबित हो सकती है?

जापान हमेशा से दुनिया के सबसे अग्रणी तकनीकी देशों में रहा है। चाहे वह रोबोटिक्स हो, मेडिकल टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स या स्मार्ट होम समाधान। हर क्षेत्र में जापान ने नवीनता का झंडा बुलंद रखा है। 1980 के दशक में जापान ने पहली बार ऐसी मशीनों का आइडिया दिया था जो मनुष्यों को नहला सकें, मालिश कर सकें और बुजुर्गों को बिना श्रम के स्नान का विकल्प दे सकें। लेकिन उस समय की तकनीक इतनी उन्नत नहीं थी कि इस तरह की पूर्णत: सुरक्षित और प्रभावी मशीन बनाई जा सके। आज, दशकों बाद, जापान की साइंस कंपनी ने इसे सफल रूप से साकार कर दिखाया है।

यह कोई सामान्य मशीन नहीं है। यह एक “फ्यूचरिस्टिक बाथिंग पॉड” है जिसमें इंसान आराम से लेट जाता है। पॉड का ढक्कन बंद किया जाता है, और मशीन 15 मिनट में गर्म पानी, हल्के वॉटर जेट्स, एयर बबल्स और स्प्रे शॉवर की सहायता से पूरे शरीर को साफ कर देती है। सबसे खास बात है कि यह शरीर को घुमाती नहीं है। यानि कपड़ों की वाशिंग मशीन की तरह घूमने वाली प्रक्रिया यहां नहीं होती है।

मशीन पाँच चरणों में काम करता है। पहला चरण में रिलैक्सिंग एंट्री- व्यक्ति मशीन में लेटता है। पॉड का आंतरिक हिस्सा नरम, कर्व्ड और थर्मल-रेसिस्टेंट सामग्री से बना है। दूसरा चरण में ढक्कन बंद और सुरक्षा लॉक- ढक्कन पारदर्शी है और अंदर व्यक्ति को हल्की रोशनी मिलती रहती है। क्लस्ट्रोफोबिया कम करने के लिए यह विशेष डिजाइन किया गया है। तीसरा चरण में शरीर स्कैन और हार्ट बीट मॉनिटरिंग- मशीन में लगे सेंसर व्यक्ति के दिल की धड़कन, ऑक्सीजन लेवल, ब्लड फ्लो, मोशन की निगरानी करता है। चौथा चरण में वॉटर जेट और बबल बाथ- हल्के वॉटर जेट्स त्वचा पर अत्यंत कोमल स्प्रे की तरह महसूस होता है। एयर बबल्स शरीर की सतह से गंदगी हटाते हुए त्वचा को रिलैक्स करता है। पांचवा चरण में सुखाना- मशीन कम तापमान वाली वॉर्म एयर से शरीर को सुखा देती है और व्यक्ति बिल्कुल तरोताजा होकर पॉड से बाहर निकलता है।

इस पॉड के अंदर हल्का, सुकून देने वाला संगीत चलता है,mस्क्रीन पर प्राकृतिक दृश्य जंगल, झरने, समुद्र, आसमान दिखाया जाता है, जिससे स्नान का अनुभव सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं बल्कि एक स्पा थेरेपी बन जाता है।

इस मशीन का आकार छोटे कमरे जैसा है 1 मीटर चौड़ा, 2.5 मीटर गहरा और 2.6 मीटर ऊँचा। इसलिए इसे घरों में लगाना आम लोगों के लिए मुश्किल है। अभी यह मुख्य रूप से लक्जरी होटलों, हाई-एंड स्पा, हेल्थकेयर सेंटर्स, सीनियर सिटीजन केयर होम्स के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।

भारत में 3.5 करोड़ सुनकर लोग चौंक जाते हैं, लेकिन इसकी कीमत के पीछे कई कारण हैं। इसमें उच्च तकनीक वाले सेंसर, कस्टमाइज्ड बाथिंग सिस्टम, हेवेस्टेट रॉबोटिक्स इंटरफेस, हाई-एंड सुरक्षा फीचर्स, सीमित उत्पादन यानि सिर्फ 50 मशीनें शामिल है। कम यूनिट निर्माण हमेशा कीमत को बढ़ा देता है।

बुजुर्ग और विकलांग लोग जिन्हें स्नान के लिए सहायता चाहिए, अब आसानी से इस मशीन के अंदर जाकर पूरे शरीर की साफ-सफाई करवा सकते हैं। अस्पताल के लिए ऑपरेशन या चोट के बाद मरीजों के लिए यह बहुत सुरक्षित विकल्प होगा। होटल और स्पा के लिए लक्जरी अनुभव प्रदान करने वाला होगा और होटल इसे अपनी ब्रांडिंग के लिए इस्तेमाल करेंगे। जिन्हें अकेले स्नान करने में खतरा हो जैसे हृदय रोगी, बुजुर्ग, गिरने का खतरा रखने वाले लोग के लिए सुविधाजनक है। 

यह मशीन सुरक्षित मानी जा रहा है, लेकिन इसके उपयोग के दौरान यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी अंदर क्लस्ट्रोफोबिक न हो, बिजली और पानी का उचित प्रबंधन हो, मशीन की नियमित सर्विसिंग की जाए, आपातकालीन ओपनिंग सिस्टम हमेशा सक्रिय हो। क्योंकि यह मशीन मानव शरीर से संबंधित है, इसलिए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

तकनीकी विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले 10–20 वर्षों में ऐसी मशीनें घरों में भी लग सकेंगी, उनकी कीमत घटेगी, मशीनें शरीर की मसाज भी करेंगी, ऑयल ट्रिटमेंट भी जोड़ दिया जाएगा, AI व्यक्ति की त्वचा के अनुसार, व्यक्तिगत सफाई योजना बनाएगा, पॉड और भी हल्के, शांत और उन्नत बनेंगे।

दुनिया तेजी से समय बचाने वाली तकनीकों की ओर बढ़ रही है। जिन देशों में बुजुर्ग की जनसंख्या बढ़ रही है, वहां यह तकनीक जीवन का अहम हिस्सा बन सकता है। 

जापान की यह सोच सराहनीय है कि तकनीक का उपयोग केवल आराम के लिए नहीं है, बल्कि बुजुर्गों की मदद, मरीजों की देखभाल, जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने और दैनिक कार्यों को आसान बनाने के लिए किया जाए। यह मशीन उसी सोच का हिस्सा है।

'ह्यूमन वॉशिंग मशीन' सुनने में भले ही अजीब लगता है, लेकिन यह मानव सभ्यता के उस दौर की शुरुआत है जहां बाथरूम की टाइलें और शावर नहीं देखेंगे, बल्कि बाथिंग पॉड्स, ऑटो-क्लीनिंग चेंबर्स और AI-सहायता प्राप्त हाइजीन टेक्नोलॉजी रहेंगे।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top